नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
हाजीपुर। जन्दाहा थाना के गाज़ीपुर-महुआ मुख्य मार्ग पर बहसी चौक स्थित एक पेट्रोल पंप के समीप मिले युवक के शव की पहचान हो गई है। मृतक की पहचान समस्तीपुर जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र निवासी नरेश पासवान के 25 वर्षीय पुत्र संकेत कुमार के रूप में हुई है। शव मिलने की सूचना से इलाके में सनसनी फैल गई थी और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए थे।
सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की। प्रारंभ में शव की पहचान नहीं होने के कारण आसपास के कई थानों की पुलिस से संपर्क किया गया। बाद में परिजनों और पुलिस के प्रयास से मृतक की पहचान संकेत कुमार के रूप में हुई।
पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया है तथा आसपास के लोगों से पूछताछ की है। साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि युवक वहां कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच में जुटी है। मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है और उनसे भी पूछताछ की जा रही है।
मृतक के चचेरे भाई ने आरोप लगाया कि इसे किसी ने हत्या कर यहां फेंक दिया है। उन्होंने बताया कि 1 साल पहले बिलट चौक के पास से उसकी शादी हुआ था।