लोजपा आर प्रमुख चिराग पासवान ने अमित शाह को लिखा पत्र, कैट अध्यक्ष अशोक वर्मा ने किया लोजपा नेताओं को सम्मानित
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
दाउदनगर (औरंगाबाद)। विभिन्न कानूनी पेचीदगियों के कारण पुलिस से परेशान आभूषण व्यवसाईयों की समस्याओं से गृह मंत्री अमित शाह को अवगत कराया गया है। उन्हें इस संदर्भ में लोजपा रामविलास के सुप्रीमो चिराग पासवान ने पत्र लिखा है। इस कार्य के लिए पार्टी के नेताओं को कैट के बिहार अध्यक्ष अशोक वर्मा ने सम्मानित किया और इस कार्य के प्रति प्रदेश के आभूषण व्यवसाययों की तरफ से आभार व्यक्त किया।
ओबरा विधायक व लोजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ.प्रकाशचंद्र के पटना स्थित जनता आवास पर कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स से जुड़े ज्वेलरी व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल द्वारा एक आयोजन कर उनको सम्मानित किया गया।
व्यवसायियों ने कहा कि ज्वेलरी व्यवसाय से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को गंभीरता से समझते हहुए चिराग पासवान ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर उनके शीघ्र एवं प्रभावी समाधान हेतु महत्वपूर्ण पहल की है। यह कदम व्यापारी समाज के हितों की रक्षा और उनके विश्वास को सुदृढ़ करने की दिशा में अत्यंत सराहनीय है।
व्यापारी समाज ने इस संवेदनशील पहल का स्वागत करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि चिराग पासवान के नेतृत्व में उनकी समस्याओं का न्यायपूर्ण, व्यावहारिक एवं स्थायी समाधान अवश्य सुनिश्चित होगा।
डॉ. प्रकाशचंद्र ने कहा कि व्यापारी केवल अर्थव्यवस्था की रीढ़ नहीं, बल्कि समाज की प्रगति और रोजगार सृजन के महत्वपूर्ण आधार हैं। उनके सम्मान, सुरक्षा और हितों की रक्षा के लिए हर स्तर पर निरंतर प्रयास किए जाते रहेंगे।
व्यापार, उद्योग और रोजगार को सशक्त बनाने तथा व्यापारी समाज के विश्वास को और अधिक मजबूत करने का यह संकल्प आगे भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ जारी रहेगा।
कैट अध्यक्ष अशोक वर्मा ने कहा कि आभूषण व्यवसायियों की समस्या को लेकर पहली बार किसी बड़े नेता ने गृहमंत्री तक बात पहुंचाया है। इससे उम्मीद जगी है कि भविष्य में व्यवसायियों के हित को देखते हुए गृह मंत्रालय ठोस निर्णय ले सकता है। जिससे व्यवसायियों को काफी सहूलियतें मिल सकती है।