नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। आज अनुमंडल पदाधिकारी सदर गौरव सिंह, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारियों द्वारा रफीगंज एवं मदनपुर क्षेत्र में विभिन्न पूजा पंडालों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के क्रम में पूजा पंडालों की व्यवस्थाओं के साथ-साथ प्रतिमा विसर्जन हेतु निर्धारित स्थलों, तालाबों एवं अन्य जलाशयों का भी जायजा लिया गया। इस दौरान पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुविधा तथा विसर्जन के समय आवश्यक सतर्कता सुनिश्चित करने के दृष्टिकोण से संबंधित स्थलों का निरीक्षण किया गया।
जिला प्रशासन द्वारा संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि दुर्गा पूजा के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा पर्व शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके।
जिला प्रशासन, औरंगाबाद आम नागरिकों से अपील करता है कि वे आगामी दुर्गा पूजा को शांति, सौहार्द एवं आपसी भाईचारे के साथ मनाएं। सभी लोग सामाजिक सद्भाव बनाए रखें, प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। किसी भी संदिग्ध सूचना अथवा परिस्थिति की जानकारी तत्काल संबंधित प्रशासनिक या पुलिस पदाधिकारियों को दें।
जिला प्रशासन पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।