इंदौर से बिहार लाई जा रही थी शराब की खेप, स्थानीय कारोबारियों तक पहुंचाने की थी योजना
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
अंबा (औरंगाबाद)। बिहार में शराबबंदी के बावजूद शराब तस्करी का बड़ा मामला सामने आया है। मद्य निषेध एवं उत्पाद विभाग की टीम ने सोमवार सुबह 8:15 बजे एनएच-139 स्थित एरका चेकपोस्ट पर कार्रवाई करते हुए 12 चक्का ट्रक से 14,880 लीटर विदेशी शराब बरामद की। शराब 1,380 कार्टूनों में रखी गई थी। मामले में ट्रक चालक को गिरफ्तार किया गया है। उसकी पहचान ओडिशा के जगतसिंहपुर निवासी पप्पू मल्लिक के रूप में हुई है। विभाग के अनुसार, जब्त शराब की कीमत करीब 50 लाख रुपये आंकी गई है।
उत्पाद अधीक्षक मनोज राय के निर्देश पर एसआई प्रदीप कुमार सिंह के नेतृत्व में एरका चेकपोस्ट पर वाहनों की सघन जांच की जा रही थी। इसी दौरान झारखंड की ओर से आ रहे एक संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान ट्रक से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई। इसके बाद ट्रक को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया गया।
उत्पाद अधीक्षक मनोज राय ने बताया कि गिरफ्तार चालक मूल रूप से ओडिशा का रहने वाला है। पूछताछ में उसने बताया कि वह मध्य प्रदेश के इंदौर से शराब की खेप लेकर चला था। बिहार की सीमा में प्रवेश करने के बाद फोन के माध्यम से संपर्क कर शराब स्थानीय कारोबारियों तक पहुंचाने की योजना थी। हालांकि, उत्पाद विभाग की सतर्कता से तस्करी की खेप पकड़ ली गई।
प्रारंभिक पूछताछ में मिले सुरागों के आधार पर उत्पाद विभाग शराब के खरीदारों और तस्करी नेटवर्क का पता लगाने में जुटा है। चालक द्वारा उपलब्ध कराया गया मोबाइल नंबर फिलहाल स्विच ऑफ मिल रहा है। विभाग को आशंका है कि इस कारोबार के पीछे अंतरराज्यीय तस्कर गिरोह सक्रिय है। शराब किन लोगों तक पहुंचाई जानी थी, इसकी जांच की जा रही है। संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी की जा रही है।
कार्रवाई में एसआई प्रदीप कुमार सिंह, एएसआई राजेश कुमार सहनी, श्याम बहादुर कुमार, एमटीएस मनीष कुमार सिंह, सुदामा ठाकुर, स्कैनर राजेश कुमार तथा सैफ जवान शंकर पासवान और रंजन कुमार शामिल थे। उत्पाद विभाग की इस कार्रवाई को जिले में शराब तस्करी पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।