नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। आज अनुमंडल पदाधिकारी, औरंगाबाद संतन कुमार सिंह एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर-01, औरंगाबाद की संयुक्त अध्यक्षता में औरंगाबाद शहर के विभिन्न रामनवमी पूजा समिति के सदस्यों के साथ आगामी रामनवमी पर्व के अवसर पर निकलने वाले जुलूस के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन के संबंध में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में कार्यपालक अभियंता, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, औरंगाबाद, कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद, औरंगाबाद सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं पूजा समिति के सदस्य उपस्थित रहे। बैठक के दौरान जुलूस मार्गों की तैयारी, आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता एवं विधि-व्यवस्था के विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

पूजा समितियों के सदस्यों द्वारा रामनवमी जुलूस के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जुलूस मार्गों में लूज विद्युत तारों को ठीक कराने, मार्गों की साफ-सफाई कराने तथा सड़कों पर गड्ढों का समतलीकरण कराने का अनुरोध किया गया। इसके अतिरिक्त जुलूस मार्गों पर प्रकाश व्यवस्था एवं पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराने का भी अनुरोध किया गया।
इस संबंध में अनुमंडल पदाधिकारी, औरंगाबाद द्वारा कार्यपालक अभियंता, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, औरंगाबाद को निर्देश दिया गया कि जुलूस चार्ट के अनुसार जुलूस मार्गों का निरीक्षण कर लूज विद्युत तारों को अविलंब ठीक कराना सुनिश्चित करें, ताकि जुलूस के दौरान किसी प्रकार की असुविधा उत्पन्न न हो। साथ ही कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद, औरंगाबाद को निर्देश दिया गया कि जुलूस मार्गों का सत्यापन करते हुए सड़कों के गड्ढों का समतलीकरण कराया जाए तथा सभी पूजा स्थलों के समीप साफ-सफाई एवं पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर-01, औरंगाबाद द्वारा पूजा समिति के सदस्यों को निर्देशित किया गया कि जुलूस के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें तथा निर्धारित मार्ग एवं समय का अनुपालन सुनिश्चित करें। साथ ही जुलूस के दौरान किसी प्रकार की अफवाह अथवा भ्रामक सूचना पर ध्यान नहीं देने तथा शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई।
बैठक में उपस्थित पूजा समिति के सदस्यों द्वारा प्रशासन को आश्वस्त किया गया कि वे रामनवमी पर्व के अवसर पर प्रशासन के दिशा-निर्देशों का अनुपालन करते हुए जुलूस को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में पूर्ण सहयोग करेंगे।