सभी बस मालिकों एवं परिवहन संचालकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। आज जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा के निर्देशानुसार सुनन्दा कुमारी, जिला परिवहन पदाधिकारी की अध्यक्षता में औरंगाबाद जिलान्तर्गत सभी बस मालिकों एवं परिवहन संचालकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक का मुख्य उद्देश्य रामाबाँध बस स्टैण्ड एवं उसके आसपास उत्पन्न हो रही यातायात जाम की समस्या के समाधान हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान करना था। बैठक में विशेष रूप से यह चर्चा की गई कि रामाबाँध बस स्टैण्ड के समीप राष्ट्रीय उच्च पथ-139 पर अनावश्यक रूप से बसों के खड़े रहने तथा सड़क पर ही सवारी चढ़ाने एवं उतारने के कारण आमजन को आवागमन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
जिला परिवहन पदाधिकारी द्वारा सभी बस मालिकों एवं संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि सभी बसों का परिचालन केवल निर्धारित बस स्टैण्ड से ही किया जाएगा। किसी भी परिस्थिति में सड़क पर वाहन खड़ा कर सवारी चढ़ाने-उतारने की अनुमति नहीं होगी। साथ ही रामाबाँध बस स्टैण्ड के निकट NH-139 पर बस अथवा अन्य व्यावसायिक वाहनों को खड़ा नहीं करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि बस स्टैण्ड परिसर में लंबे समय से बिना परिचालन के खड़े वाहनों को अविलंब हटाया जाए, ताकि बस स्टैण्ड परिसर में यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे एवं यात्रियों को अनावश्यक असुविधा का सामना न करना पड़े।
जिला परिवहन पदाधिकारी ने सभी बस संचालकों से प्रशासन द्वारा दिए गए निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने की अपील की तथा कहा कि नियमों के उल्लंघन की स्थिति में संबंधित वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।