नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
रामगढ़। बीते 21 अप्रैल को अपराह्न लगभग 4 बजे रजरप्पा थाना क्षेत्र अंतर्गत चित्रपुर रजरप्पा मोड़ एनएच-23 (रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग) स्थित शिव शंकर ज्वेलर्स में डकैती की घटना हुई थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, रामगढ़ के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, रामगढ़ के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान दल का गठन किया गया। गठित एसआईटी द्वारा तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर लगातार अभियान चलाया जा रहा था।
इसी क्रम में अभियुक्त शमशेर आलम, पिता–स्व. लतीफुल रहमान, ग्राम–फुलसराय, थाना–रामगढ़ को गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त 7.65 एमएम की एक पिस्टल, दो मैगजीन, 7.65 एमएम के दो जिंदा कारतूस, बिना नंबर प्लेट की एक अपाची मोटरसाइकिल, घर में छिपाकर रखा गया सोने जैसा दिखने वाला 22 आभूषण (लगभग 370 ग्राम) तथा चांदी जैसे दिखने वाले 9 आभूषण (लगभग 160 ग्राम) बरामद कर विधिवत जब्त किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त शमशेर आलम के विरुद्ध रामगढ़ सहित विभिन्न जिलों में कुल 29 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इस काण्ड में अबतक कुल 10 अपराधकर्मियों को गिरफ्तार किया जा चुका है तथा 01 अपराधकर्मी ने माननीय न्यायालय में आत्मसमर्पण किया है। काईवाई के दौरान कुल लगभग 565 ग्राम सोने जैसा आभूषण एवं 03 किलोग्राम चाँदी जैसा आभूषण बरामद किए गए है।
इसके अतिरिक्त घटना में प्रयुक्त एक कार संO-बी आर01जेए-6449, एक स्कुटी, एवं 04 मोबाईल फोन, 02 पिस्टल, 03 मैगजीन, 05 जिंदा कारतूस, तीन मोटरसाईकिल जप्त किया गया है। वर्तमान में उक्त काण्ड में संलिप्त सभी अपराधकर्मी न्यायिक हिरास्त में है। रामगढ़ पुलिस द्वारा संगठित अपराध एवं संपत्ति संबंधी अपराधों के विरूद्ध आगे भी इसी प्रकार प्रभावी एवं कठोर कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
इसकी जानकारी रामगढ़ पुलिस अधीक्षक मुकेश लुनायत ने संवाददाता सम्मेलन के माध्यम से दिया है, उन्होंने बताया कि इस घटना में शामिल सभी 10 अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है और इस कांड के मुख्य साजिशकर्ता शमशेर आलम को भी गिरफ्तार किया गया है, इसके निशान देही पर एक पिस्तौल दो मैगजीन दो जिंदा गोली एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल और इसके साथ 370 ग्राम सोने जैसा दिखने वाला पदार्थ और 160 ग्राम चांदी जैसे दिखने वाले पदार्थ बरामद किया गया है।