नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
मसौढ़ी। बेरोजगार युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए सरकार द्वारा प्रखंड मुख्यालय स्तर पर जॉब मेले का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में मसौढ़ी प्रखंड मुख्यालय स्थित शहीद संजय सिन्हा सभागार में जॉब मेले का आयोजन किया गया।
इस जॉब मेले में एसआईएस सिक्योरिटी कंपनी द्वारा सुरक्षा जवान, सुरक्षा सुपरवाइजर और सुरक्षा अधिकारी के पदों पर भर्ती की गई। कंपनी के असिस्टेंट कमांडेंट अखिलेश कुमार पांडे ने बताया कि मेले में कुल 60 युवाओं ने आवेदन दिया था, जिसमें से 35 युवाओं को योग्यता के आधार पर ऑन स्पॉट ऑफर लेटर दिया गया।
उन्होंने बताया कि चयनित सभी युवाओं को आरा स्थित दहियारा ट्रेनिंग सेंटर में एक महीने तक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमें सुरक्षा जवान के लिए 10वीं पास, सुरक्षा सुपरवाइजर के लिए 12वीं पास और सुरक्षा अधिकारी पद के लिए स्नातक योग्यता निर्धारित की गई थी।
मौके पर प्रखंड के अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के जॉब मेले से ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को रोजगार का सुनहरा अवसर मिल रहा है। वही अखिलेश कुमार पांडेय ने बताया कि पुनपुन प्रखंड मुख्यालय में भी इसी कंपनी के द्वारा जॉब मेला का आयोजन किया जाएगा।