24 और 25 अक्टूबर को होने वाली प्रदेश कार्यसमिति की बैठक की तैयारियों पर भी होगा मंथन
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
रांची। भाजपा के प्रदेश प्रभारी एवं राष्ट्रीय संगठन महामंत्री गजेंद्र सिंह पटेल मंगलवार को रांची पहुंचे। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। रांची स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित पदाधिकारियों की बैठक में वे शामिल होंगे। बैठक में संगठनात्मक मुद्दों, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा और पार्टी को मजबूत बनाने की रणनीति पर चर्चा की जाएगी।

पत्रकारों से बातचीत में गजेंद्र सिंह पटेल ने बताया कि 24 और 25 अक्टूबर को होने वाली भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को लेकर भी विचार-विमर्श किया जाएगा। इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर एक महीने तक चलाए गए कार्यक्रमों की समीक्षा होगी। विभिन्न कार्यक्रमों के क्रियान्वयन और संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने पर भी चर्चा की जाएगी।
विभिन्न राज्यों में हाल में हुई राज्यपालों की नियुक्ति पर प्रतिक्रिया देते हुए पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सबका साथ, सबका विकास के सिद्धांत के साथ काम करते हैं। राज्यपालों की नियुक्ति में सभी वर्गों को प्रतिनिधित्व देने का प्रयास किया गया है। उन्होंने झारखंड के पूर्व सांसद बृजमोहन राम का उल्लेख करते हुए कहा कि वे अनुसूचित जाति वर्ग से आते हैं और पार्टी के पुराने कार्यकर्ता रहे हैं। एक सामान्य कार्यकर्ता को राज्यपाल की जिम्मेदारी मिलना सभी के लिए गर्व का विषय है।
प्रदेश भाजपा कार्यालय में होने वाली बैठक में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय समेत पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल होंगे। बैठक में संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों की समीक्षा की जाएगी। साथ ही आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों और पार्टी की आगे की रणनीति पर चर्चा होगी।