नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) के अध्ययन केंद्र 05200 सच्चिदानन्द सिन्हा महाविद्यालय, औरंगाबाद में जून 2026 सत्र की परीक्षा एक जून से शुरू होगी, जो 21 जुलाई 2026 तक चलेगी। महाविद्यालय प्रशासन की ओर से परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त संपन्न कराने हेतु सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
महाविद्यालय द्वारा जारी निर्देश के अनुसार परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी। परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से कम से कम 30 मिनट पूर्व पहुंचने का निर्देश दिया गया है।
अध्ययन केंद्र के समन्वयक सह केंद्र अधीक्षक प्रो. डॉ. सुधीर कुमार मिश्रा ने बताया कि परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए केंद्र पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि परीक्षार्थी परीक्षा केंद्र में केवल कलम, प्रवेश पत्र एवं पहचान पत्र ही लेकर आएं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स अथवा ऐसे उपकरण, जिनसे परीक्षा संचालन में बाधा उत्पन्न हो सकती है, परीक्षा केंद्र में लाने की अनुमति नहीं होगी। यदि किसी परीक्षार्थी के पास ऐसे गैजेट्स पाए जाते हैं तो उन्हें परीक्षा कक्ष में बैठने की अनुमति नहीं दी जाएगी तथा उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई भी की जाएगी।