नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुनपुन पुलिस को सोमवार को बड़ी सफलता मिली। गुप्त सूचना के आधार पर पुनपुन पुल के पास छापेमारी कर पुलिस ने एक स्मैक तस्कर को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मौके पर ही स्मैक की पुड़िया बेच रहा था।
पुनपुन थानाध्यक्ष बेबी कुमारी ने बताया कि गिरफ्तार तस्कर की पहचान चंदन कुमार के रूप में हुई है। वह आनंद लाल पासवान का पुत्र एवं पकड़ी गांव, पुनपुन थाना क्षेत्र का निवासी है। तलाशी के दौरान उसके पास से 25 पुड़िया स्मैक बरामद की गई।
थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वह स्मैक कहां से लाता था, किन लोगों को बेचता था तथा पुनपुन इलाके में नशे के कारोबार का नेटवर्क कितना फैला हुआ है।
स्मैक तस्कर की गिरफ्तारी के बाद इलाके के अन्य तस्करों में हड़कंप मच गया है। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।