बेताब अहमद
सासाराम। रोहतास जिले में प्रकृति का रुख कड़ा होता जा रहा है। सोन, दुर्गावती और पहाड़ी नदियों के लगातार बढ़ते जलस्तर ने चेनारी विधानसभा क्षेत्र सहित कई इलाकों में बाढ़ का गंभीर खतरा पैदा कर दिया है। निचले इलाकों में पानी प्रवेश करने से ग्रामीणों के आशियाने, उनकी फसलें और बेजुबान पशुधन संकट में हैं। इस विकट स्थिति को देखते हुए चेनारी विधायक मुरारी प्रसाद गौतम ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को पत्र लिखकर रोहतास को इस संभावित आपदा से बचाने की भावुक और जरूरी अपील की है।
भेजे गए इस पत्र में विधायक ने उन किसानों का दर्द बयां किया है जिनकी फसलें डूबने की कगार पर हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि आपदा प्रबंधन विभाग और जिला प्रशासन को बिना किसी देरी के जमीन पर उतारा जाए। संवेदनशील इलाकों पर चौबीसों घंटे नजर रखी जाए और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए नावों की व्यवस्था की जाए।
विधायक ने मांग की है कि एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों को अलर्ट मोड पर रखा जाए, साथ ही प्रभावित परिवारों के लिए भोजन, शुद्ध पानी, दवाइयां और मवेशियों के लिए चारे का प्रबंध पहले से सुनिश्चित किया जाए ताकि किसी को भूखे पेट न सोना पड़े।
रोहतास जिले में नदियों के बढ़ते जलस्तर ने चेनारी सहित कई इलाकों के परिवारों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। खेतों में खड़ी फसलें डूब चुकी हैं और लोगों के आशियानों पर खतरा मंडरा रहा है। जनता के इस दर्द को देखते हुए विधायक मुरारी प्रसाद गौतम ने गहरी चिंता जताई है। उन्होंने सरकार और प्रशासन से बेहद संवेदनशील होकर काम करने की अपील की है।
विधायक ने भावुक स्वर में कहा कि इस संकट में प्रभावित लोगों को अकेला नहीं छोड़ा जा सकता। उन्होंने मांग की है कि जिन गरीब परिवारों के मकान टूटे हैं, जिनके पशु बहे हैं और जिन किसानों की मेहनत की फसल पानी में समा गई है, उनका तुरंत सर्वे कराकर नियमानुसार मुआवजा दिया जाए। उन्होंने प्रशासन से हर प्रभावित व्यक्ति तक भोजन, दवा और सुरक्षा पहुंचाने का आग्रह किया है।