टिकट चेकिंग के दौरान तारेगना रेलवे स्टेशन पर टिकट कटवाने को लेकर उमड़ी भीड़
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। पटना-गया रेलखंड के तारेगना रेलवे स्टेशन एवं डुमरी जंक्शन पर सघन टिकट जांच अभियान चलाया गया, जहाँ वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक, दानापुर अभिनव सिद्धार्थ के निर्देशानुसार मंडल वाणिज्य प्रबंधक अभिषेक कुमार तिवारी एवं सहायक वाणिज्य प्रबंधक/टिकट जांच प्रदीप कुमार के नेतृत्व में सघन टिकट जाँच अभियान चलाया गया। विशेष टिकट चेकिंग अभियान के दौरान कुल 458 पर टिकट यात्री पकड़े गए जहां तकरीबन 1,35,185 रुपये जुर्माना वसूली की गई है।
दानापुर मंडल के पटना-गया रेलखंड के तारेगना रेलवे स्टेशन पर सोमवार की पटना सिंगरौली एवं तीन पैसेंजर ट्रेनों में सघन टिकट चेकिंग अभियान की शुरुआत की गई है और ज्योही टिकट चेकिंग अभियान की खबर मिली टिकट कटवाने के लिए लोगों की भीड उमड गई। बताया जाता है की तकरीबन 1 घंटे के अंतराल में 50 हजार से ज्यादा की टिकट बिक्री हुई है। वही तारेगना रेलवे स्टेशन पर हुए टिकट चेकिंग के बाद तारेगना से डुमरी तक चलती ट्रेन में भी चेकिंग अभियान चलाया गया। उसके बाद डुमरी जंक्शन पर भी सघन टिकट चेकिंग की गई।
टिकट चेकिंग अभियान में 1009 बिना टिकट/अनियमित टिकट वाले यात्रियों से जुर्माने के रूप में 2,90,800/- रुपए रेल राजस्व अर्जित किया गया । इस विशेष टिकट चेकिंग अभियान के परिणामस्वरूप पटना-गया रेलखंड के सभी स्टेशनों जैसे परसा बाजार, पुनपुन घाट, जटडुमरी, तारेगना, जहानाबाद आदि टिकट काउंटरों पर यात्रियों की बढ़ी हुई भीड़ देखी गई एवं प्रत्येक स्टेशन पर टिकट बिक्री लगभग 35-40 प्रतिशत अधिक दर्ज की गई।
बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा के विरुद्ध चलाया जा रहे यह अभियान आगे भी सतत रूप से जारी रहेगा। वहीं अभिनव सिद्धार्थ वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक ने यात्रियों से अपील की कि वे सदैव वैध टिकट लेकर उचित श्रेणी में हीं यात्रा करे।