आय से अधिक संपत्ति मामले में सदर डीएसपी के ठिकानों पर छापेमारी की बड़ी कार्रवाई
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
जहानाबाद। स्पेशल विजिलेंस यूनिट (एसवीयू) ने जहानाबाद जिले में पदस्थापित मुख्यालय पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) संजीव कुमार के तीन जिलों—पटना, खगड़िया और जहानाबाद स्थित ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। स्पेशल विजिलेंस यूनिट ने इस मामले में कांड संख्या 16/2025 दर्ज किया है। डीएसपी संजीव कुमार पर 1 करोड़ 52 लाख 42 हजार 469 रुपये की अवैध संपत्ति अर्जित करने का गंभीर आरोप है, जो उनकी ज्ञात आय के स्रोतों से कहीं अधिक है। यह कार्रवाई भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 61(2)(ए) के तहत की गई है।
स्पेशल विजिलेंस यूनिट की टीम ने शुक्रवार सुबह एक साथ पटना, खगड़िया और जहानाबाद में डीएसपी के आवास और अन्य ठिकानों पर दबिश दी। इस दौरान टीम ने कई अहम दस्तावेज, संपत्ति की रजिस्ट्री, बैंक खातों की जानकारी, संदिग्ध निवेश से संबंधित कागजात और कीमती सामान बरामद किए हैं। एसवीयू की टीम अभी नकदी, जेवरात और अन्य अघोषित संपत्तियों का मूल्यांकन कर रही है। टीम द्वारा बरामद सामग्रियों की कानूनी जांच जारी है, जिसके बाद अवैध संपत्ति की जब्ती की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
इस पूरे मामले की विशेष बात यह है कि एसवीयू ने खुद अपने थाने में केस दर्ज कर कार्रवाई की है। यह इस बात का संकेत है कि जांच एजेंसी के पास डीएसपी संजीव कुमार के खिलाफ पहले से पुख्ता सबूत मौजूद थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्च स्तर पर निगरानी की जा रही है।
स्पेशल विजिलेंस यूनिट द्वारा डीएसपी पर हुई इस कार्रवाई से पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। इस संबंध में पूछे जाने पर पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार ने बताया स्पेशल विजिलेंस यूनिट द्वारा छापेमारी की कारवाई की जा रही है, उसकी जानकारी उन्हें मिली है। कार्रवाई पूरी होने के बाद ही विस्तृत जानकारी सार्वजनिक की जाएगी।