नवबिहार टाइम्स संवाददाता
दाउदनगर (औरंगाबाद)। प्रखंड क्षेत्र के शमशेरनगर एवं अरई पंचायत में आगामी 2 जून को आयोजित होने वाले सहयोग शिविर को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। शिविर के लिए स्थल चयन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक कार्य प्रारंभ कर दिए गए हैं।
प्रखंड विकास पदाधिकारी मो. जफर इमाम ने सहयोग शिविर की तैयारियों को लेकर शमशेरनगर पंचायत भवन एवं अरई पंचायत सरकार भवन में प्रतिनियुक्त कर्मियों के साथ बैठक की। बैठक में प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी रिशु राज भी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान पंचायत स्तरीय कर्मियों के साथ शिविर की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों ने निर्देश दिया कि शिविर में आने वाले ग्रामीणों को किसी प्रकार की परेशानी न हो तथा सभी विभागों की व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित कर ली जाएं।
बीडीओ मो. जफर इमाम ने कहा कि ग्रामीणों से आवेदन 30 दिन पहले से ही प्राप्त किए जाने हैं और उनका समयबद्ध निष्पादन भी सुनिश्चित करना है। उन्होंने कर्मियों को घर-घर जाकर आवेदन लेने का निर्देश दिया ताकि अधिक से अधिक लोगों को शिविर का लाभ मिल सके।
जानकारी के अनुसार शमशेरनगर पंचायत में सहयोग शिविर का आयोजन राजकीय मध्य विद्यालय शमशेरनगर परिसर में किया जाएगा, जबकि अरई पंचायत में पंचायत सरकार भवन परिसर को शिविर स्थल बनाया गया है।
शिविर में ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं के समाधान के साथ-साथ सरकारी योजनाओं से संबंधित कार्यों का निष्पादन भी किया जाएगा।