नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी (पटना)। शनिवार की सुबह मसौढ़ी उपकारा में जेल प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने औचक छापेमारी कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान जेल के सभी कैदी वार्डों में सघन तलाशी अभियान चलाया गया, जिससे कुछ देर के लिए परिसर में हड़कंप की स्थिति बन गई।
सुबह करीब 7 बजे एसडीएम अभिषेक कुमार, एएसपी कोमल मीणा, डीएसपी-2 कन्हैया कुमार, जेल अधीक्षक विपीन कुमार समेत विभिन्न थानों के पुलिस पदाधिकारी और भारी संख्या में पुलिस बल जेल परिसर में दाखिल हुए। टीम ने जेल के गौतम खंड, गंगा खंड और महावीर खंड के वार्डों, बैरकों और रसोईघर की बारीकी से जांच की। कैदियों के सामान, बिस्तर और यहां तक कि शौचालयों की भी सघन तलाशी ली गई।
एसडीएम अभिषेक कुमार ने बताया कि यह कार्रवाई नियमित जांच का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य जेल में किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक सामग्री की मौजूदगी को रोकना है। उन्होंने कहा कि समय-समय पर इस तरह की छापेमारी से सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाता है।
वहीं एएसपी कोमल मीणा ने स्पष्ट किया कि जेल की सुरक्षा सर्वोपरि है और कैदियों के बीच अनुशासन बनाए रखने के लिए ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
छापेमारी के दौरान पूरे जेल परिसर को सील कर दिया गया था और बाहरी लोगों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगा दी गई। करीब दो घंटे तक चले इस अभियान में हर स्तर पर गहन जांच की गई, हालांकि फिलहाल किसी बड़ी आपत्तिजनक वस्तु के बरामद होने की सूचना नहीं है।
प्रशासन के अनुसार, जांच रिपोर्ट वरीय अधिकारियों को भेजी जाएगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी। फिलहाल मसौढ़ी जेल में स्थिति सामान्य बताई जा रही है।