नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। जिले के मदनपुर थाना क्षेत्र स्थित दर्जी बिगहा मोड़ के पास हुए सड़क हादसे में बादम स्कूल के शिक्षक प्रमोद कुमार मेहता की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक के घर पर मातम छा गया। उनकी माता राधा देवी, पत्नी संगीता देवी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों के साथ-साथ ग्रामीण भी इस घटना से स्तब्ध हैं।
हादसे से नाराज सैकड़ों ग्रामीण दर्जी बिगहा मोड़ पर जमा हो गए और सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी तथा फरार चालक की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। सड़क जाम के कारण कई घंटों तक यातायात प्रभावित रहा।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मदनपुर अंचलाधिकारी अकबर हुसैन, थानाध्यक्ष राजेश कुमार, एसआई सुरेंद्र कुमार तथा एएसआई श्रीकांत पाण्डेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों और परिजनों से बातचीत कर सरकारी प्रावधानों के तहत मुआवजा दिलाने तथा हरसंभव सहायता का लिखित आश्वासन दिया। इसके बाद लोगों ने जाम समाप्त किया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया। वहीं फरार ट्रक चालक की तलाश में छापेमारी जारी है।
ग्रामीणों के अनुसार प्रमोद कुमार मेहता वर्ष 2003 से बादम स्कूल में शिक्षक के रूप में कार्यरत थे। अपने सरल स्वभाव, मिलनसार व्यक्तित्व और विद्यार्थियों के प्रति समर्पण के कारण वे क्षेत्र में काफी लोकप्रिय थे। वे चार भाइयों में दूसरे स्थान पर थे और अपने पीछे एक पुत्र तथा दो पुत्रियों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए दिवंगत शिक्षक को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और फरार चालक को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।