नवबिहार टाइम्स संवाददाता
अंबा (औरंगाबाद)। भीषण गर्मी के बीच एक बार फिर बुधवार को औरंगाबाद जिले के विभिन्न भागों में आमजनों को सुहाना मौसम देखने व महसूस करने का अवसर मिला है। हल्के बूंदा-बांदी के बाद ठंडी हवाओं ने लोगों में एक नयी ताजगी भर दी है। आसमान में बादल ऐसे उमड़-घुमड़ रहे हैं मानो वर्षा ऋतु आ गया हो।
उल्लेखनीय है कि पिछले एक पखवाड़े से जिले वासी भीषण गर्मी का सामना कररहे थे। अस्पताल एवं निजी क्लिनिक में लू पीड़ित लोगों का पहुंचने का सिलसिला शुरू हो चुका था। जिला प्रशासन ने गर्मी से विद्यार्थियों को बचाने के लिए आवश्यक निर्देश भी जारी किया था। प्राथमिक, मध्य एवं उच्च विद्यालयों के संचालन के लिए समयावधि तय किए गए हैं। बुधवार को मौसम में आए बदलाव से लोगों में एक नयी स्फूर्ति का संचार हुआ है।ज्ञात हो कि मौसम विभाग ने सूचना जारी कर मौसम में बदलाव की जानकारी दी थी।
विभाग ने आंधी-पानी व गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना व्यक्त की थी साथ हीं कुछ स्थानों पर तेज हवाओं के साथ ओले पड़ने का अंदेशा जताया था। अचानक आई मौसम में बदलाव लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने लाई है। पटना स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के कई जिलों में आंधी के साथ बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया था। इस बदलाव से तापमान में गिरावट आने की संभावना भी जताई गई थी जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है।
जानकारी अनुसार बिहार में मौसम का मिजाज बदल गया है। पटना समेत कई जिलों में हल्की बूंदाबांदी से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। हालांकि, मौसम विभाग के अनुसार अगले 7 दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई गई है। कुटुंबा प्रखंड में मौसम में बदलाव का असर साफ तौर पर देखा जा सकता है।