नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
डेहरी। आरपीएफ जपला, नबीनगर एवं सीआईबी गया की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए रेलवे की मालगाड़ी से चोरी किए गए लोहे एवं तांबे को बरामद किया है। मामले में चोरी का रेल सामान खरीदने वाले एक व्यक्ति समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब 51 हजार रुपये बताई गई है।
जानकारी के अनुसार रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट नबीनगर, वर्तमान जपला के निरीक्षक राम विलास राम को सूचना मिली थी कि सीगसीगी रेलवे स्टेशन के समीप मालगाड़ी से रेलवे का लोहा चोरी किया गया है। सूचना के आधार पर मुखबिरों की सहायता से जानकारी जुटाई गई और आरपीएफ जपला, नबीनगर एवं सीआईबी गया की संयुक्त टीम गठित कर कार्रवाई शुरू की गई।
संयुक्त टीम में निरीक्षक प्रभारी राम विलास राम, निरीक्षक चंदन कुमार, उप निरीक्षक राम नरेश राम, आरक्षी मनोज, संतोष कुमार त्रिपाठी, उपेंद्र कुमार, राकेश कुमार, संजीव कुमार, नवीन कुमार पांडेय एवं कमलेश कुमार शामिल थे। टीम ने संबंधित थानों के सहयोग से चोरी गए रेलवे के सामान की बरामदगी एवं आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान बिश्रामपुर स्थित प्रभु साव के कबाड़ दुकान से भारी मात्रा में रेलवे का चोरी किया गया लोहा एवं तांबा बरामद किया गया। इस दौरान चोरी का रेल सामान खरीदने के आरोप में अनिल कुमार को गिरफ्तार किया गया।
अनिल कुमार की निशानदेही पर टीम ने नौकाडीह दरूआ गांव में छापेमारी की। वहां से रेलवे का लोहा चोरी करने के आरोप में 26 वर्षीय मुकलेश चौधरी, पिता अर्जुन चौधरी को उसके घर से गिरफ्तार किया गया। उसके पास से भी भारी मात्रा में रेलवे का चोरी किया गया लोहा बरामद होने की बात कही गई है।
दोनों गिरफ्तार आरोपितों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद उन्हें रेलवे न्यायालय डाल्टेनगंज में प्रस्तुत किया गया, जहां से दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
आरपीएफ के अनुसार इस चोरी की घटना में शामिल अन्य व्यक्तियों तथा कबाड़ दुकान संचालक प्रभु साव की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। बरामद रेलवे के लोहे की अनुमानित कीमत करीब 51 हजार रुपये आंकी गई है।