ई-मेल से मिली सूचना के बाद पुलिस ने चलाया सघन तलाशी अभियान, डॉग स्क्वायड की टीम भी पहुंची
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। पटना जिले के विभिन्न न्यायालय परिसरों में बम रखे जाने की धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद शुक्रवार को मसौढ़ी सिविल कोर्ट परिसर में भी अफरा-तफरी मच गई। सुरक्षा के मद्देनजर न्यायिक अधिकारियों के निर्देश पर कोर्ट परिसर को तत्काल खाली करा दिया गया। न्यायिक अधिकारी, अधिवक्ता, कर्मचारी और अन्य लोग परिसर से बाहर निकल गए। ऐसी धमकियों के बाद पटना जिले के अन्य न्यायालय परिसरों में भी सुरक्षा बढ़ाए जाने की सूचना है।
सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राघव दयाल पुलिस बल के साथ मसौढ़ी सिविल कोर्ट परिसर पहुंचे। पुलिस टीम ने पूरे परिसर की बारीकी से जांच की। सुरक्षा के लिए डॉग स्क्वायड की भी मदद ली गई और न्यायालय भवन एवं आसपास के हिस्सों में सघन तलाशी अभियान चलाया गया।
एसडीपीओ राघव दयाल ने बताया कि धमकी की सूचना मिलने के बाद एहतियात के तौर पर कोर्ट परिसर को खाली कराया गया। स्थानीय पुलिस की टीम ने पूरे परिसर की जांच की और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया।
बताया गया कि धमकी भरा ई-मेल पटना हाईकोर्ट से जुड़े न्यायिक अधिकारी के आधिकारिक मेल पर भेजे जाने की सूचना है। मेल में पटना के न्यायालय परिसर को निशाना बनाने की धमकी दी गई थी। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां ई-मेल की जांच कर रही हैं तथा इसके स्रोत का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
गौरतलब है कि पटना के न्यायालय परिसरों को पूर्व में भी कई बार ई-मेल के माध्यम से बम की धमकी मिल चुकी है। जनवरी और फरवरी 2026 में भी ऐसी धमकियों के बाद न्यायालय परिसरों को खाली कराकर बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वायड से जांच कराई गई थी, लेकिन जांच में कोई विस्फोटक नहीं मिला था।
शुक्रवार की घटना के बाद मसौढ़ी समेत संबंधित न्यायालय परिसरों में सुरक्षा बलों की सक्रियता बढ़ा दी गई। पुलिस ने न्यायालय परिसर के प्रवेश और निकास मार्गों पर भी निगरानी बढ़ाई। अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं।