32 नंबर पाया के पास वारदात, पहले वाहन से टक्कर मारकर गिराने और फिर गोली मारने का परिजनों ने लगाया आरोप, एक व्यक्ति घायल
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
हाजीपुर। वैशाली जिले के राघोपुर में बुधवार को अपराधियों ने एक बाइक सवार युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात राघोपुर रुस्तमपुर थाना क्षेत्र में सिक्सलेन पुल के 32 नंबर पाया के समीप हुई। मृतक की पहचान चेचर गांव निवासी 22 वर्षीय अंशुमन कुमार, पिता सुनील कुमार सिंह के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के अनुसार, अंशुमन बाइक से सिक्सलेन पुल के समीप गया था। इसी दौरान कुछ लोगों ने उसे घेर लिया। परिजनों का आरोप है कि पहले चारपहिया वाहन से उसकी बाइक में टक्कर मारी गई, जिससे वह गिर गया। इसके बाद हमलावरों ने उस पर छह-सात गोलियां चला दीं। गोली लगने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए।
गोलीबारी की सूचना मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू की है। घटनास्थल पर एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया है।
मृतक के भाई गौरव कुमार ने पुलिस को बताया कि अंशुमन 12वीं कक्षा का छात्र था और नए सिक्सलेन पुल के पास सेल्फी व फोटो खींचने गया था। इसी दौरान चेचर गांव निवासी आलोक कुमार सिंह के वहां पहुंचने की बात उन्होंने कही। गौरव का आरोप है कि आलोक ने पहले चारपहिया वाहन से अंशुमन को टक्कर मारी और उसके गिरने के बाद गोली मारकर उसकी हत्या कर दी।
परिजन ने आरोपित के आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने का भी दावा किया है। हालांकि, पुलिस ने अभी इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। परिजनों का कहना है कि अंशुमन का किसी से कोई बड़ा विवाद नहीं था और हत्या के कारणों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
एसपी शुभांक मिश्रा ने बताया कि 32 नंबर पाया के पास एक युवक की गोली मारकर हत्या की सूचना मिली है। घटना में एक व्यक्ति के घायल होने की भी जानकारी है। उन्होंने बताया कि घटना से पहले एक्सीडेंट की बात सामने आई है। मौके पर एफएसएल की टीम पहुंची है और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
पुलिस हत्या के कारणों, वारदात में शामिल लोगों और घटना के क्रम की जांच कर रही है। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज और अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।