नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
कैमूर। जिले के नवागत जिला पदाधिकारी कुमार अनुराग ने गुरुवार को डीडीसी दिव्या शक्ति से अपना पदभार ग्रहण किया। निवर्तमान डीएम नितिन कुमार सिंह का तबादला होने के बाद उन्होंने मंगलवार को अपना संपूर्ण प्रभार डीडीसी दिव्या शक्ति को सौंप दिया था।

पदभार ग्रहण करने के बाद नवागत डीएम कुमार अनुराग ने कहा कि जिले की प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुख बनाया जाएगा। जनहित से जुड़े कार्यों और विकास योजनाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही प्रशासनिक पारदर्शिता, जवाबदेही और कार्यकुशलता सुनिश्चित करने की दिशा में गंभीरता से काम किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय पर पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता होगी। जिले के विकास के लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर योजनाओं को गति दी जाएगी।
वहीं, पदभार ग्रहण करने से पहले कुमार अनुराग ने जिले के प्रसिद्ध एवं देश के प्राचीनतम शक्तिपीठों में शामिल मां मुंडेश्वरी मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। उन्होंने मां मुंडेश्वरी से कैमूर जिले की सुख-समृद्धि एवं चहुंमुखी विकास की कामना की।
पदभार ग्रहण के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों एवं कर्मियों ने नवागत जिलाधिकारी का स्वागत किया और उन्हें जिले की विभिन्न प्रशासनिक गतिविधियों एवं विकास योजनाओं की जानकारी दी।