नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मोकामा। गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर के बीच मरांची थाना क्षेत्र में गंगा में डूबी महिला श्यामा देवी का शव करीब 30 घंटे बाद बरामद कर लिया गया। शव मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। स्थानीय लोगों की मदद से महिला की तलाश की जा रही थी।
बताया गया कि मोकामा विधायक अनंत कुमार सिंह के संज्ञान लेने के बाद अंचलाधिकारी मोकामा ने मामले में तत्परता दिखाई। पंचायत के मुखिया गौरव कुमार भी शव की तलाश में सक्रिय रहे। करीब 30 घंटे की मशक्कत के बाद शव बरामद किया जा सका।
मरांची थानाध्यक्ष रौशन कुमार ने बताया कि गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। प्रशासन की ओर से लोगों से नदी किनारे नहीं जाने और पानी में नहीं उतरने की अपील की जा रही है। पुलिस ने बरामद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए नदी और जलमग्न क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें तथा किसी भी तरह का जोखिम न उठाएं।