नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। पुनपुन नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन ने पुनपुन के प्रसिद्ध लक्ष्मण झूला को सील कर दिया है। बैरिकेडिंग लगाकर आवागमन पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है।
नदी के खतरे के निशान से ऊपर बहने और जलस्तर बढ़ने के कारण लोग झूला देखने व सेल्फी लेने के लिए जुट रहे थे। इससे किसी अनहोनी की आशंका बढ़ गई थी। सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने यह कदम उठाया है।
बताया गया कि बढ़ते जलस्तर के कारण रेलवे विभाग ने पटना-गया रेलखंड की 10 ट्रेनों को रद्द और 10 एक्सप्रेस ट्रेनों को डायवर्ट किया है। डाउन लाइन को भी बंद कर दिया गया है।
अनुमंडल प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बाढ़ का पानी देखने के लिए निचले इलाकों और नदी घाट की ओर न जाएं। नदी तट से दूरी बनाए रखें और किसी भी तरह का जोखिम न उठाएं।