कुटुंबा विधानसभा क्षेत्र में भाजपा कोर कमेटी की बैठक संपन्न
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियों को तेज कर दिया है। इसी क्रम में शनिवार को कुटुंबा विधानसभा क्षेत्र भाजपा कोर कमेटी की बैठक आयोजित की गई, जिसमें संगठन की रणनीति, बूथ स्तर पर मजबूती और जनसंपर्क अभियान को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा हुई।
बैठक में भाजपा के वरिष्ठ नेता और औरंगाबाद के पूर्व सांसद सुशील कुमार सिंह ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अपने सभी संगठनात्मक कार्यों और उत्तरदायित्वों का शीघ्रता से निर्वहन करते हुए अब पूरी ताकत के साथ चुनावी तैयारी में जुट जाएं।
सुशील कुमार सिंह ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता ही पार्टी की असली शक्ति हैं, और यदि हर कार्यकर्ता अपने क्षेत्र में सक्रियता के साथ काम करे तो औरंगाबाद जिले की सभी छह सीटें भाजपा गठबंधन के खाते में आ सकती हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जाकर केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों को बताना चाहिए ताकि जनता तक भाजपा सरकार के विकास कार्यों की सही जानकारी पहुंच सके।
बैठक के मुख्य अतिथि नोएडा के सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा थे, जिन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा संगठन की ताकत जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं में निहित है। उन्होंने कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार और बिहार की एनडीए सरकार ने गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के लिए अभूतपूर्व कार्य किए हैं, जिन्हें जन-जन तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
डॉ. शर्मा ने चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि भाजपा का हर कार्यकर्ता एक-एक मतदाता तक पहुंचने का संकल्प ले और बूथ ही भाजपा का सबसे मजबूत गढ़ बने। इस बैठक की अध्यक्षता जिला उपाध्यक्ष रेखा पासवान ने की, जबकि संचालन विधानसभा क्षेत्र प्रभारी अशोक पांडे ने किया।
बैठक में भाजपा जिला अध्यक्ष विजेंद्र सिंह चंद्रवंशी, जिला प्रभारी मनोज कुशवाहा, विधानसभा संयोजक परमेश्वर बैठा, पूर्व जिला अध्यक्ष मनोज शर्मा, रामेश्वर बैठा, अनुसूचित मोर्चा जिला अध्यक्ष अरविंद पासवान, मंडल अध्यक्ष हिमांशु सिंह, राज नारायण चंद्रवंशी, विजय सिंह, मनीष सिंह, राकेश अग्रवाल, अभय पासवान, दिलीप पासवान, अनिल पांडे, उमेश प्रसाद सिंह, अमरेंद्र सिंह, जय नंदन सिंह, राकेश सिंह, गजरा सिंह, जीतू तिवारी, सोनू मालाकार और शैलेंद्र राज समेत पार्टी के बड़ी संख्या में वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान वक्ताओं ने यह भी कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर घर-घर संवाद स्थापित करें और यह सुनिश्चित करें कि पार्टी की नीतियों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों का संदेश हर मतदाता तक पहुंचे।