एनटीपीसी पूर्वी क्षेत्र-1 मुख्यालय में साइबर सुरक्षा कार्यशाला, कर्मचारियों और परिजनों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के बताए गए उपाय
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
पटना। डिजिटल तकनीक के बढ़ते इस्तेमाल के साथ साइबर अपराधों से बचाव के लिए जागरूकता और सतर्कता बेहद जरूरी है। व्यक्तिगत एवं पेशेवर डिजिटल सूचनाओं की सुरक्षा को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना होगा। यह बात बिहार पुलिस की साइबर क्राइम एंड सिक्योरिटी यूनिट के पुलिस महानिरीक्षक रंजीत कुमार मिश्रा ने शुक्रवार को एनटीपीसी पूर्वी क्षेत्र-1 मुख्यालय, पटना में आयोजित साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम के दौरान कही।

राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा जागरूकता माह-2026 के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में कर्मचारियों, संविदा सहयोगियों और उनके परिजनों को साइबर अपराधों से बचाव तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूक किया गया।
एनटीपीसी कर्मचारियों के लिए ‘बिल्ड अ कल्चर ऑफ साइबर हाइजीन’ विषय पर विशेष कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें दिल्ली के साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ शशांक गरुड़यार ने साइबर सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने मजबूत पासवर्ड का इस्तेमाल करने, संदिग्ध लिंक और ई-मेल से बचने तथा संवेदनशील सूचनाओं को सुरक्षित रखने के उपाय बताए। उन्होंने साइबर स्वच्छता को दैनिक कार्यप्रणाली का अभिन्न हिस्सा बनाने पर जोर दिया।

संविदा सहयोगियों के लिए आयोजित कार्यशाला में डिजिटल प्लेटफॉर्म के सुरक्षित इस्तेमाल और संभावित साइबर जोखिमों से बचाव के तरीके बताए गए। प्रतिभागियों को ऑनलाइन गतिविधियों के दौरान सतर्क रहने और डिजिटल सुरक्षा संबंधी सावधानियां अपनाने की सलाह दी गई।
एनटीपीसी कर्मचारियों के परिजनों के लिए सोशल मीडिया सुरक्षा पर विशेष सत्र आयोजित किया गया। इसमें व्यक्तिगत जानकारी साझा करते समय सावधानी बरतने, गोपनीयता सेटिंग्स का सही इस्तेमाल करने, फर्जी प्रोफाइल की पहचान करने और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के उपायों पर चर्चा हुई।
कार्यक्रम का उद्देश्य कर्मचारियों और उनके परिजनों में सुरक्षित डिजिटल व्यवहार की आदत विकसित करना तथा कार्य-संस्कृति में साइबर सुरक्षा को बढ़ावा देना था। कार्यक्रम का आयोजन एवं समन्वय एनटीपीसी पूर्वी क्षेत्र-1 मुख्यालय के उप महाप्रबंधक (सूचना प्रौद्योगिकी) प्रभंजन कुमार झा ने किया।
इस अवसर पर महाप्रबंधक (प्रचालन सेवाएं) श्रीकांत केरहालकर, उप महाप्रबंधक (नैगम संचार) विश्वनाथ चन्दन सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।