मोहनिया से टोल प्लाजा तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर भीषण जाम
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
कैमूर। कैमूर जिले में एक बार फिर जाम नासूर बन गया है। बुधवार की सुबह से ही राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 19 पर मोहनिया शहर से लेकर टोल प्लाजा मोहनिया तक वाहनों की लंबी कतारें लगी हुई हैं। सुबह से लेकर दोपहर तक जाम की स्थिति जस की तस बनी रही। घंटों तक वाहन चालक जाम में फंसे रहे, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। वाहन चालकों ने बताया कि सुबह से अब तक कोई भी प्रशासनिक अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे हैं। सड़क पर ट्रक, बस, कार और ऑटो की कतारें कई किलोमीटर तक फैली हुई हैं। इससे जहां ईंधन की बर्बादी हो रही है, वहीं यात्रियों को गर्मी और भूख-प्यास से जूझना पड़ रहा है।
चालक अरविन्द ने बताया कि वे खाली गाड़ी लेकर लखनऊ जा रहे थे, लेकिन सुबह 10 बजे से ही जाम में फंसे हुए हैं। उन्होंने कहा कि “गाड़ी रेंग-रेंग कर चल रही है, किसी को समझ नहीं आ रहा कि आखिर जाम खुल क्यों नहीं रहा।” वहीं चालक मुन्ना कुमार ने बताया कि वे नासरीगंज से बालू लोड कर इलाहाबाद जा रहे हैं। सुबह 5 बजे से जाम में फंसे हैं और अब तक सिर्फ मोहनिया तक पहुंच पाए हैं। उन्होंने कहा कि आठ घंटे से ज्यादा हो गए, लेकिन जाम का अंत नहीं दिख रहा। एक अन्य चालक रहीम ने बताया कि वे फायर ब्रिगेड की गाड़ी लेकर बेंगलुरु जा रहे हैं। सासाराम से मोहनिया तक पहुंचने में ही सात घंटे लग गए। हम रोड टैक्स और टोल टैक्स देते हैं, लेकिन फिर भी इस तरह की परेशानियों से जूझना पड़ता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मोहनिया में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 19 पर अव्यवस्थित ट्रैफिक नियंत्रण के कारण जाम की स्थिति बार-बार बनती है। बावजूद इसके, प्रशासन की ओर से कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है। यात्रियों ने मांग की है कि ट्रैफिक पुलिस और प्रशासन तत्काल मोर्चा संभाले ताकि राहत मिल सके।