नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
पटना/आरा। बिहार सरकार के सहकारिता विभाग द्वारा पैक्स की तर्ज पर राज्य में सब्जी प्रसंस्करण एवं विपणन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सहकारी समितियों का व्यापक गठन किया जा रहा है। राज्य के 500 से अधिक प्रखंडों में इस प्रकार की समितियों का गठन किया जा चुका है जिससे किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य एवं सुरक्षित विपणन व्यवस्था उपलब्ध हो सके। इसी क्रम में शाहाबाद सब्जी प्रसंस्करण एवं विपणन सहकारी समिति का गठन किया गया जिसमें सर्वसम्मति से मिथिलेश चौबे को अध्यक्ष चुना गया। वहीं कार्यकारिणी समिति में निदेशक के रूप में बक्सर जिले से केशव किशोर उर्फ राजा पाण्डेय का चयन किया गया है।
राजा पाण्डेय भारतीय जनता पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता हैं तथा बक्सर जिले के ब्रह्मपुर विधानसभा क्षेत्र से आते हैं। उनके निदेशक चुने जाने पर क्षेत्र के किसानों एवं कार्यकर्ताओं में हर्ष का वातावरण है।
नवनिर्वाचित निदेशक राजा पाण्डेय ने कहा कि बिहार सरकार सहकारिता विभाग के माध्यम से अब सब्जियों के संरक्षण, प्रसंस्करण एवं विपणन की समुचित व्यवस्था सहकारी समितियों के जरिए सुनिश्चित करेगी। उन्होंने कहा कि अक्सर देखा जाता है कि किसानों की मेहनत से तैयार फसल बाजार के अभाव में खेतों में ही नष्ट हो जाती है, जिससे उन्हें भारी आर्थिक क्षति उठानी पड़ती है। नई व्यवस्था से इस समस्या का समाधान संभव होगा।
उन्होंने यह भी बताया कि पूर्व में सहकारिता मंत्री डॉ प्रेम कुमार के नेतृत्व में बिहार की सब्जियों का निर्यात विदेशों तक किया गया था, जिससे विशेषकर जैविक खेती करने वाले किसानों को अधिक लाभ मिला। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सरकार की इस सराहनीय पहल से पूरे बिहार के साथ-साथ चक्की प्रखंड एवं दियरांचल क्षेत्र के किसानों को भी अधिकाधिक लाभ मिलेगा तथा उनकी आय में वृद्धि होगी।