नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। रामनवमी के पावन अवसर पर मसौढ़ी पूरी तरह भक्ति के रंग में रंग गया। शहर में निकली भव्य राम-जानकी शोभायात्रा में हजारों की संख्या में रामभक्त उमड़ पड़े। “जय श्रीराम” के गगनभेदी नारों से पूरा शहर दिनभर गुंजायमान रहा और हर ओर धार्मिक उत्साह का माहौल देखने को मिला।
दो प्रमुख स्थानों से निकली भव्य शोभायात्रा
मसौढ़ी के श्रीराम जानकी ठाकुरबाड़ी मंदिर से माता जानकी, भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और हनुमान जी की आकर्षक झांकी निकाली गई। वहीं, शनि देव शिव मंदिर से भी एक भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। दोनों स्थानों पर स्थानीय विधायक अरुण मांझी ने विधि-विधान के साथ कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
हाथी-घोड़े और झांकियों ने बढ़ाई शोभा
इस वर्ष विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के संयुक्त तत्वावधान में शोभायात्रा को भव्य स्वरूप दिया गया। जुलूस में हाथी, ऊंट और घोड़े के साथ निकली झांकियां लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं। विशेष रूप से रानी लक्ष्मीबाई की वेशभूषा में महिलाओं की झांकी, हाथों में तलवार और काला चश्मा पहने हुए, लोगों को काफी आकर्षित करती नजर आई।

शहरभर में गूंजे जय श्रीराम के नारे
हजारों श्रद्धालु हाथों में भगवा ध्वज लेकर जुलूस में शामिल हुए। रथ पर सवार श्रीराम, लक्ष्मण और माता सीता की झांकी ने श्रद्धालुओं के दिलों में भक्ति और उत्साह का संचार किया। शोभायात्रा मेन रोड, थाना रोड, कर्पूरी चौक होते हुए स्टेशन रोड तक निकाली गई और देर शाम तक शहर में भ्रमण करती रही।
प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी
इस अवसर पर विधायक अरुण मांझी, मुख्य पार्षद पिंकी देवी, बीडीओ प्रभाकर कुमार, थानाध्यक्ष विवेक भारती सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने लोगों से शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में पर्व मनाने की अपील की।
पुनपुन में भी निकली शोभायात्राएं
मसौढ़ी के साथ-साथ पुनपुन क्षेत्र में भी विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल द्वारा दो भव्य शोभायात्राएं निकाली गईं, जहां सैकड़ों की संख्या में रामभक्त नाचते-गाते नजर आए।
रामनवमी के इस आयोजन ने न केवल धार्मिक आस्था को प्रकट किया, बल्कि समाज में एकता, उत्साह और भगवान राम के आदर्शों पर चलने का संदेश भी दिया।