नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
गयाजी। रेलवे सुरक्षा बल आरपीएफ पोस्ट गया ने ऑपरेशन रेल प्रहरी के तहत तत्परता और सूझबूझ का परिचय देते हुए अपहरण के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। रेल डीएसपी गुलशन कुमार ने बताया आरपीएफ इंस्पेक्टर बनारसी यादव के नेतृत्व में विशेष टीम ने गया रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 से 16 वर्षीय अपहृत किशोरी खुशी कुमारी को सकुशल बरामद कर उत्तर प्रदेश के वाराणसी पुलिस एवं उसके परिजनों को सुपुर्द कर दिया।
रेल डीएसपी गुलशन कुमार के अनुसार, 21 नवंबर को गया पोस्ट के प्रभारी निरीक्षक बनारसी यादव को उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले के कपसेठी थाना के अवर निरीक्षक आयुष कुमार ओझा ने सूचना दी कि गजेपुर निवासी रामा चौधरी की पुत्री खुशी कुमारी के अपहरण मामले में बीएनएस के तहत 20 नवंबर को प्राथमिकी दर्ज की गई है। किशोरी के गया स्टेशन पर होने की आशंका जताई गई थी। डीएसपी गुलशन कुमार ने बताया सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक बनारसी यादव के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई।
टीम में उपनिरीक्षक सतेंद्र कुमार एवं जवानों ने सघन तलाशी अभियान चलाया। इसी दौरान प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर मिडिल ब्रिज के नीचे किशोरी मिल गई। महिला प्रधान आरक्षी इंदू कुमारी सिन्हा की मदद से उसे सुरक्षित आरपीएफ पोस्ट लाया गया। यहां काउंसलिंग के साथ भोजन और पानी उपलब्ध कराया गया।22 नवंबर की रात कपसेठी थाना पुलिस के अवर निरीक्षक आयुष कुमार ओझा किशोरी के माता-पिता के साथ गया पहुंचे। आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर आरपीएफ ने किशोरी को पुलिस एवं परिजनों के हवाले कर दिया। इस कार्रवाई से आरपीएफ की सतर्कता और मानवीय संवेदनशीलता सामने आई है।