नवबिहार टाइम्स संवाददाता
हसपुरा (औरंगाबाद)। हसपुरा प्रखंड के धमनी टोले शांभो पर गांव निवासी सीआरपीएफ के कोबरा बटालियन के जवान राकेश कुमार (30 वर्ष) की झारखंड के सारंडा जंगल में एक दर्दनाक हादसे में मौत हो गई। इस घटना के बाद परिवार, गांव और सुरक्षा बलों में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सीआरपीएफ की 210 कोबरा बटालियन क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियान चला रही थी। मंगलवार की देर रात जवान बाबू डेरा कैंप के पास सर्च ऑपरेशन में जुटे थे। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया और तेज आंधी-तूफान शुरू हो गया।
खराब मौसम के बीच एक विशाल पेड़ अचानक गिर पड़ा, जिसकी चपेट में आने से जवान राकेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद अन्य जवानों ने उन्हें तत्काल बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार दिया और बेहतर इलाज के लिए रांची भेजा। उन्हें रिम्स में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के अनुसार राकेश कुमार बेहद बहादुर और कर्तव्यनिष्ठ जवान थे। उनके भाई विक्रम कुमार ने बताया कि वे करीब एक महीने पहले ही छुट्टी बिताकर 5 मार्च को ड्यूटी पर लौटे थे। वर्ष 2012 में उन्होंने सीआरपीएफ ज्वाइन किया था और 2014 में उनकी शादी पिंकी देवी से हुई थी। वे चार भाइयों में सबसे बड़े थे।
मृतक अपने पीछे पत्नी, तीन बेटियां और एक चार वर्षीय पुत्र छोड़ गए हैं। उनकी असामयिक मृत्यु से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है।
घटना की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। घर के पास ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी और हर आंख नम दिखी। पूरे क्षेत्र में मातम का माहौल है।