नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। कला, संस्कृति एवं युवा विभाग, बिहार तथा जिला प्रशासन, औरंगाबाद के संयुक्त तत्वावधान में औरंगाबाद जिला के नबीनगर प्रखंड अंतर्गत गजना धाम में आयोजित गजना महोत्सव के दूसरे दिन खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों की शानदार प्रस्तुति देखने को मिली। कार्यक्रम का आयोजन उत्साह, अनुशासन एवं भव्यता के साथ संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय कलाकारों नागरिकों, खिलाड़ियों एवं कलाकारों ने भाग लिया।

महोत्सव के दूसरे दिन का प्रमुख आकर्षण जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता रही। इस प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आई टीमों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्रतियोगिता का शुभारंभ नबीनगर के विधायक चेतन आनंद ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता के बालक समूह में राजकीय कृत उच्च माध्यमिक विद्यालय दोसमा को विजेता घोषित किया गया जबकि मध्य विद्यालय मंगिया को उपविजेता घोषित किया गया। कबड्डी बालिका वर्ग में कन्या मध्य विद्यालय नवीनगर को विजेता तथा राजकीय मध्य विद्यालय बैरिया को उपविजेता घोषित किया गया।

जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी पप्पू राज ने बताया कि जिला स्तरीय सांस्कृतिक कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों को भरपूर मौका देते हुए कल 22 संस्थाओं एवं कलाकारों को अपना प्रतिभा दिखाने का मौका प्रदान किया गया. महोत्सव के दूसरे दिन अपर समाहर्ता अनुग्रह नारायण सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी सदर संतन कुमार सिंह एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी नबीनगर अरुण कुमार सिंह आदि उपस्थित थे।
प्रतियोगिता के अंत में अपर समाहर्ता अनुग्रह नारायण सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी औरंगाबाद संतन कुमार सिंह, नवीनगर प्रखंड विकास पदाधिकारी अरुण सिंह के द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी कलाकारों, पेंटिंग, रंगोली एवं कबड्डी प्रतियोगिता के विजेताओं, उपविजेता आयोजन समिति के सदस्यों न्यास समिति के सदस्यों आदि को शॉल एवं मोमेंटो से सम्मानित किया गया।
जिला प्रशासन, औरंगाबाद द्वारा इस अवसर पर कहा गया कि इस प्रकार के आयोजन न केवल खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करते हैं, बल्कि स्थानीय संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। युवा पीढ़ी को खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ने के लिए प्रशासन निरंतर प्रयासरत है।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में योगदान देने वाले सभी पदाधिकारियों, आयोजकों, खिलाड़ियों, कलाकारों एवं आम नागरिकों के प्रति जिला प्रशासन द्वारा आभार व्यक्त किया गया।