नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। सच्चिदानंद सिन्हा कॉलेज की एनएसएस यूनिट के तत्वावधान में सरस्वती बालिका विद्या मंदिर, महाराणा प्रताप नगर, न्यू एरिया में शुक्रवार को स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का संचालन एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ निहारिका एवं समन्वयक डॉ संजीव रंजन के निर्देशन में हुआ।
शिविर में तीन सदस्यीय चिकित्सक दल ने छात्राओं, शिक्षकों एवं विद्यालय कर्मियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। टीम में शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ प्रशांत कुमार, होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ प्रभात रंजन तथा डॉ सुरेंद्र यादव शामिल थे। जांच के बाद सभी को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं दवाओं की जानकारी दी गई।
इस दौरान कुल 141 छात्राओं, 12 शिक्षकों और 6 कर्मचारियों सहित एनएसएस टीम के सदस्यों का भी स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जांच के क्रम में कई छोटे बच्चों में विभिन्न स्वास्थ्य समस्याएं सामने आईं। चिकित्सकों ने विद्यालय प्रबंधन को संबंधित अभिभावकों को सूचित करने की सलाह दी।
शिविर में एनएसएस स्वयंसेवकों ने सक्रिय भूमिका निभाई। वरिष्ठ स्वयंसेवकों में बुशरा परवीन, सुशांत, रितिका, तान्या, रानी, सुनैना, प्रीति, पम्मी एवं निशा सहित अन्य स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के प्राचार्य आशुतोष कुमार सिंह सहित शिक्षकगण जयराम तिवारी, दिलीप कुमार, खुशबू कुमारी, श्वेता सिन्हा, रंजीता सिन्हा, अजय जी, अशोक जी एवं ओमप्रकाश जी का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
इधर, कॉलेज के प्राचार्य डॉ सुधीर कुमार मिश्रा ने इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सामाजिक कार्यक्रमों का निरंतर आयोजन आवश्यक है, ताकि लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़े।