अरवल के तीन परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई कक्षा छह की चयन परीक्षा, 1553 विद्यार्थियों ने कराया था पंजीकरण
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
अरवल। पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा छह में नामांकन के लिए शनिवार को आयोजित जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। जिले के तीन परीक्षा केंद्रों उमैराबाद उच्च विद्यालय, बालिका उच्च विद्यालय एवं जीए उच्च विद्यालय में परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा में कुल 1553 पंजीकृत विद्यार्थियों में से 1285 परीक्षार्थी शामिल हुए, जबकि 268 अनुपस्थित रहे।
परीक्षा को लेकर सुबह से ही सभी केंद्रों पर परीक्षार्थियों एवं अभिभावकों की चहल-पहल बनी रही। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से विद्यार्थी अपने अभिभावकों के साथ परीक्षा देने पहुंचे। निर्धारित समय पर परीक्षा शुरू हुई और सभी केंद्रों पर व्यवस्थित तरीके से परीक्षा संपन्न कराई गई।
परीक्षा के सफल संचालन एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तीनों परीक्षा केंद्रों पर अलग-अलग दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई थी। केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं, ताकि परीक्षार्थियों को परीक्षा देने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो।
परीक्षा समाप्त होने तक अभिभावक केंद्रों के बाहर उत्सुकता से अपने बच्चों का इंतजार करते रहे। शांतिपूर्ण ढंग से परीक्षा संपन्न होने पर प्रशासन एवं परीक्षा व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों ने राहत की सांस ली।