सरकारी रोक और जागरूकता अभियान बेअसर, पराली जलाने वालों पर तीन महीने तक किसान आईडी बंद करने की चेतावनी
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। सरकार की रोक और लगातार जागरूकता अभियान के बावजूद धनरुआ प्रखंड में खेतों में पराली जलाने का सिलसिला थम नहीं रहा है। धान की कटाई के बाद खेतों में बच रहे अवशेषों को किसान आग के हवाले कर रहे हैं। इससे जहां वातावरण प्रदूषित हो रहा है, वहीं मिट्टी की उर्वरा शक्ति प्रभावित होने के साथ उसमें मौजूद लाभकारी जीवाणु और मित्र कीट भी नष्ट हो रहे हैं। इसके बावजूद किसान पराली प्रबंधन के प्रति गंभीर नहीं दिख रहे हैं।
इन दिनों धनरुआ प्रखंड में धान की कटाई तेजी से चल रही है। अधिकांश किसान हार्वेस्टर से फसल कटवा रहे हैं, जिसके कारण खेतों में बड़ी मात्रा में धान के अवशेष बच जा रहे हैं। इन अवशेषों को खेत में सड़ाकर जैविक खाद बनाने या अन्य तरीके से उपयोग करने के बजाय कई किसान उसे जला दे रहे हैं। खेतों में उठती आग और धुएं से आसपास के वातावरण पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
कृषि विशेषज्ञों के अनुसार, पराली जलाने से मिट्टी की ऊपरी सतह का तापमान अचानक बढ़ जाता है। इससे मिट्टी में मौजूद लाभकारी सूक्ष्मजीव, जीवाणु और केंचुए जैसे मित्र जीव नष्ट हो जाते हैं। मिट्टी की जैविक गुणवत्ता प्रभावित होने से उसकी उर्वरा शक्ति कमजोर पड़ती है, जिसका असर आगामी फसलों की पैदावार पर भी पड़ सकता है। लगातार पराली जलाने से किसानों को लंबे समय में खेती के लिए नुकसान उठाना पड़ सकता है।
कृषि सलाहकारों एवं कृषि समन्वयकों द्वारा पंचायत स्तर पर किसानों को लगातार पराली नहीं जलाने की सलाह दी जा रही है। पराली को खेत में डीकंपोज कर खाद बनाने तथा उसके उचित प्रबंधन को लेकर जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। इसके बावजूद खेतों में आग लगाने की घटनाएं जारी हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रखंड कृषि प्रशासन की उदासीनता के कारण पराली जलाने पर प्रभावी रोक नहीं लग पा रही है।
इस संबंध में प्रखंड कृषि पदाधिकारी ने बताया कि पराली जलाने वाले किसानों को चिह्नित कर कार्रवाई की जाएगी। संबंधित किसानों की किसान आईडी तीन महीने के लिए बंद कर दी जाएगी, जिससे वे इस अवधि में सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं ले सकेंगे। जरूरत पड़ने पर संबंधित किसानों के खिलाफ थाने में प्राथमिकी भी दर्ज कराई जाएगी।
प्रखंड कृषि पदाधिकारी ने किसानों से अपील की है कि वे पराली जलाने से बचें तथा फसल अवशेषों को डीकंपोज कर जैविक खाद के रूप में इस्तेमाल करें। इससे मिट्टी की उर्वरा शक्ति बनी रहेगी, पर्यावरण सुरक्षित रहेगा और आने वाली फसलों की बेहतर पैदावार में मदद मिलेगी।