नवबिहार टाइम्स संवाददाता
दाउदनगर (औरंगाबाद)। विवेकानंद मिशन स्कूल के स्थापना दिवस के अवसर पर शनिवार को भव्य ‘उड़ान’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को वर्ष 2018 के अब तक के सबसे बड़े आयोजन से भी अधिक भव्य बताया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन काराकाट के सांसद राजाराम सिंह, पूर्व विधायक बीरेंद्र कुमार सिन्हा, राज्य अति पिछड़ा आयोग के पूर्व सदस्य प्रमोद सिंह चंद्रवंशी, भाजपा जिला प्रवक्ता अश्विनी तिवारी, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी ऋषिकेश अवस्थी सहित कई गणमान्य लोगों ने संयुक्त रूप से किया। बाद में ओबरा के विधायक डॉ. प्रकाश चंद्र और गोह के पूर्व विधायक डॉ. रणविजय सिंह भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

सांसद राजाराम सिंह ने कहा कि प्रश्न करने की क्षमता ही ज्ञान और मौलिकता के विकास का आधार है। उन्होंने पश्चिमी देशों के “सभ्यता फैलाने” के दावे को ढोंग बताते हुए कहा कि भारत का इतिहास हजारों वर्षों पुराना है, जबकि पश्चिम का इतिहास अपेक्षाकृत नया है। उन्होंने गर्व से कहा कि जब वे खुद को बिहार, यानी गौतम बुद्ध की धरती से आने वाला बताते हैं, तो उपहास करने वाले भी सम्मान करने लगते हैं।

विधायक डॉ. प्रकाश चंद्र ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने सनातन धर्म और भारतीयता का परचम विश्व पटल पर लहराया। उनके नाम से प्रेरित यह विद्यालय त्याग और सेवा भावना के साथ शिक्षा के क्षेत्र में कार्य कर रहा है।

पूर्व विधायक डॉ. रणविजय सिंह ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने शिकागो में विश्व को भारतीय दर्शन की महत्ता बताई थी। उन्होंने कहा कि समाज को मंदिर-मस्जिद से अधिक विद्यालयों की आवश्यकता है।

प्रमोद सिंह चंद्रवंशी ने कहा कि विकास के लिए शिक्षा के साथ-साथ चरित्र और संस्कारयुक्त ज्ञान आवश्यक है।

विद्यालय के निदेशक डॉ. शंभू शरण सिंह ने बताया कि छात्रों ने विज्ञान, कला, भारतीय संस्कृति और खान-पान से संबंधित आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। इस अवसर पर विज्ञान एवं कला प्रदर्शनी के साथ बच्चों द्वारा फूड स्टॉल भी लगाए गए।
कार्यक्रम में अतिथियों को सम्मानित किया गया तथा प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम का संचालन छात्र-छात्राओं की टीम ने किया, जिसमें अनुष्का कुमारी, श्रेया कुमारी, सृष्टि कुमारी, हर्षित कुमार, दिव्यांशु कुमार, तान्या चौरसिया, आयुष पांडेय, तृषा मौर्या, परी एवं विवेकिता शामिल रहे।