राज की दूसरी लघु फिल्म का प्रीमियर
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
नई दिल्ली। अरावली अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के तहत एम.एल भारतीय ऑडिटोरियम में युवा प्रतिभा राज कुंवर सिंह की दूसरी लघु फिल्म का प्रीमियर आयोजित किया गया। इस महोत्सव में राज कुंवर सिंह को बेस्ट थ्रिलर कैटेगरी में उनकी फिल्म “नाइट वुमन” के लिए प्रथम पुरस्कार भी मिला।
इस अवसर को राज कुंवर सिंह और उनके परिवार के लिए गर्व का क्षण बताया गया। इस मौके पर राज के पिता कर्नल सुधीर सिंह भी मौजूद थे। राज मूलतः औरंगाबाद के निवासी हैं और उनके चाचा (छोटे पापा) औरंगाबाद के पूर्व सांसद सुशील कुमार सिंह हैं। वे दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्र रहे हैं।

कार्यक्रम में फिल्म के प्रदर्शन के दौरान दर्शकों ने राज के प्रयास और रचनात्मकता की सराहना की। परिवार की ओर से बताया गया कि यह उपलब्धि राज की मेहनत और सभी के आशीर्वाद का परिणाम है, जिसने इस मुकाम तक पहुंचने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
अरावली अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव जैसे मंच पर दूसरी लघु फिल्म का प्रीमियर होना ही राज के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। इससे न केवल उनकी प्रतिभा को पहचान मिली है, बल्कि भविष्य में फिल्म निर्माण के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए नई संभावनाएं भी खुली हैं।