नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
अररिया। अग्निशमन सप्ताह (14 अप्रैल से 20 अप्रैल) के तहत मोहिनी देवी मेमोरियल स्कूल, अररिया में अग्निशमन विभाग द्वारा मॉक ड्रिल एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान अग्निशमन विभाग के पदाधिकारी एवं कर्मियों की उपस्थिति में छात्र-छात्राओं को आग से बचाव के विभिन्न उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम की शुरुआत जागरूकता रैली से हुई, जिसमें छात्र-छात्राओं ने हाथों में अग्निशमन संबंधी स्लोगन लेकर अररिया आरएस क्षेत्र में नगर भ्रमण किया और लोगों को आग से सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।

विद्यालय परिसर में आयोजित मॉक ड्रिल के दौरान बच्चों को एलपीजी गैस सिलेंडर में लगी आग को सुरक्षित तरीके से बुझाने की विधि सिखाई गई। साथ ही H2O आधारित फायर सिलेंडर के उपयोग के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। आपात स्थिति में कृत्रिम स्ट्रेचर बनाकर घायलों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने के तरीके और रेस्क्यू ऑपरेशन की भी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अग्नि सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां हासिल कीं।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य डॉ. पाराशर त्यागी, प्रशासनिक पदाधिकारी अभिनंदन नौटियाल, वरिष्ठ शिक्षक अर्जुन झा, राजेश गुप्ता, भीम रॉय, कौशिक घोष, सौविक घोष सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।
वहीं अग्निशमन दल का नेतृत्व जिला अग्निशमन पदाधिकारी अशोक प्रसाद ठाकुर कर रहे थे। उनके साथ अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी रामानंद प्रसाद, सहायक अग्निशमन पदाधिकारी चंदन शर्मा, प्रधान अग्निशमन पदाधिकारी सिकंदर दास सहित कई अन्य कर्मी मौजूद थे।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन द्वारा अग्निशमन दल के सदस्यों को उपहार एवं कैलेंडर देकर सम्मानित किया गया।
इसके साथ ही हिंदू पंचांग के अनुसार प्रथम वैशाख के अवसर पर विद्यालय में सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने गीत एवं नृत्य प्रस्तुत कर नववर्ष का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।