एसपी अमन कुमार ने रात्रि 10 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी जानकारी
नवीन सिन्हा
हजारीबाग। पुलिस अधीक्षक कार्यालय, हजारीबाग द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार बड़कागांव थाना क्षेत्र के 13 माइल पुल के पास हाईवा वाहन में आगजनी की घटना का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सफल उद्भेदन कर लिया है। इस मामले में कुख्यात राहुल दुबे गैंग के चार सक्रिय अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है।
बताया गया कि दिनांक 22 अप्रैल 2026 को बड़कागांव थाना क्षेत्र अंतर्गत 13 माइल पुल के पास राहुल दुबे गिरोह के सदस्यों ने पेट्रोल छिड़ककर हाईवा गाड़ी में आग लगा दी थी। घटना के बाद घटनास्थल पर हस्तलिखित पर्चा छोड़कर गैंग ने स्वयं जिम्मेदारी ली थी, जिसमें “प्रकाश शुक्ला, मयंक सिंह, राहुल दुबे गैंग” लिखा पाया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बड़कागांव पवन कुमार के नेतृत्व में एसआईटी टीम का गठन किया गया। 23 अप्रैल को गुप्त सूचना मिली कि चंदौल गांव के हथिया पत्थर जंगल में कुछ अपराधी बड़ी घटना की योजना बना रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने छापेमारी कर चार संदिग्धों को घेराबंदी कर पकड़ लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम:
मो० एजाज (उम्र 21 वर्ष), पिता स्व० मुमताज खलीफा
मो० अफताब (उम्र 22 वर्ष), पिता मो० अलाउद्दीन अंसारी
मो० सलामत अंसारी (उम्र 24 वर्ष), पिता मो० मिस्टर मियां
तुषार सिन्हा (उम्र 22 वर्ष), पिता कुमोद सिन्हा
(सभी निवासी – पुन्दौल, थाना बड़कागांव, जिला हजारीबाग)
तलाशी के दौरान इनके पास से 2 देशी पिस्टल (7.65 एमएम), 1 पिस्टल (9 एमएम), 11 जिंदा गोलियां, 9 हस्तलिखित पर्चे एवं 4 एंड्रॉयड मोबाइल बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे पूर्व से राहुल दुबे गैंग के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने उरीमारी थाना क्षेत्र में भी पूर्व में वाहन में आगजनी की घटना को अंजाम दिया था, जिसमें वे जेल जा चुके हैं। 22 अप्रैल की घटना भी राहुल दुबे के निर्देश पर की गई थी, जिसका उद्देश्य कोल माइंस क्षेत्र में दहशत फैलाना था। साथ ही, 23 अप्रैल को भी हाईवा में आग लगाने की योजना थी, जिसे पुलिस ने विफल कर दिया।
आपराधिक इतिहास:
मो० सलामत अंसारी पर बड़कागांव थाना कांड संख्या 255/21, 258/21, उरीमारी ओपी कांड संख्या 49/25 एवं टंडवा थाना कांड संख्या 132/25 दर्ज है।
मो० एजाज पर बड़कागांव थाना कांड संख्या 100/20, 255/21, 258/21 तथा उरीमारी ओपी कांड संख्या 49/25 दर्ज है।
छापामारी दल में शामिल अधिकारी:
अमित आनंद (भा.पु.से.), अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर हजारीबाग
पवन कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बड़कागांव
दीपक कुमार, थाना प्रभारी, बड़कागांव
राकेश खवास, पुलिस पदाधिकारी
अभिषेक कुमार, पुलिस पदाधिकारी
तकनीकी शाखा के पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल के जवान
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ सख्त संदेश गया है और संभावित बड़ी घटना को टाल दिया गया है।