सूर्य मंदिर में भगवान भास्कर और जगन्नाथ मंदिर में भगवान जगन्नाथ के किए दर्शन, सुरक्षा एवं सुविधाओं का लिया जायजा
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
बोकारो। लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर सोमवार को उपायुक्त अजय नाथ झा और पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने सपरिवार विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाटों पर विधि-व्यवस्था, सुरक्षा और श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं से आत्मीय संवाद कर उन्हें महापर्व की शुभकामनाएं भी दीं।

निरीक्षण के क्रम में डीसी-एसपी सेक्टर-4 स्थित सूर्य मंदिर छठ घाट पहुंचे। यहां भगवान भास्कर को नमन कर जिलेवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसके बाद दोनों अधिकारियों ने सेक्टर-4 स्थित जगन्नाथ मंदिर में भगवान जगन्नाथ के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और मत्था टेका।
इस दौरान उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने संबंधित पदाधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वहीं, घाटों पर युवाओं में डीसी-एसपी के साथ सेल्फी लेने को लेकर भी खासा उत्साह देखने को मिला।