20 नवंबर को बोकारो में होगा राष्ट्रीय प्रेस दिवस का कार्यक्रम, निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता को बताया लोकतंत्र की आधारशिला
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
बोकारो। राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर उपायुक्त अजय नाथ झा ने जिले के सभी पत्रकारों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं प्रेस जगत से जुड़े लोगों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता किसी भी स्वस्थ लोकतंत्र की आधारशिला है। प्रेस जनता की आवाज को मंच देने के साथ शासन और आम नागरिकों के बीच महत्वपूर्ण सेतु का काम करता है।
उपायुक्त ने कहा कि पत्रकारिता समाज की समस्याओं, जनहित के मुद्दों और विकास कार्यों को सामने लाने का सशक्त माध्यम है। तथ्यपरक एवं निष्पक्ष समाचारों के जरिए मीडिया न केवल जनजागरूकता बढ़ाता है, बल्कि प्रशासन को भी जमीनी हकीकत और जनभावनाओं से अवगत कराता है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में सही और प्रमाणिक सूचनाओं का प्रसार बेहद जरूरी है। ऐसे में पत्रकारिता की विश्वसनीयता, निष्पक्षता और सामाजिक जिम्मेदारी बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने पत्रकारों से जनहित, सामाजिक सद्भाव और सकारात्मक बदलाव को प्राथमिकता देते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करने की अपील की।
डीसी ने जिला प्रशासन और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय को लोकतांत्रिक व्यवस्था मजबूत करने तथा विकास योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने पत्रकारिता के उच्च आदर्शों और मूल्यों को बनाए रखने में मीडिया जगत के योगदान की सराहना की।
जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार ने बताया कि 16 नवंबर को छठ महापर्व के अवसर पर राजपत्रित अवकाश होने के कारण राष्ट्रीय प्रेस दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाला कार्यक्रम अब 20 नवंबर को होगा।