नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
सासाराम। अमरा तालाब स्थित लेट्स इंस्पायर बिहार के अंतर्गत संचालित गार्गी पाठशाला (निःशुल्क पाठशाला) में महान स्वतंत्रता सेनानी वीर कुंवर सिंह की जयंती श्रद्धा, सम्मान और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ वीर कुंवर सिंह के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।
इस अवसर पर पाठशाला के विद्यार्थियों ने वीर कुंवर सिंह के जीवन, साहस और बलिदान पर आधारित कविता एवं भाषण प्रस्तुत किए। बच्चों की प्रभावशाली प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को देशभक्ति से ओत-प्रोत कर दिया। उन्होंने अपने शब्दों और भावनाओं के माध्यम से वीर कुंवर सिंह के अदम्य साहस, संघर्ष और देशप्रेम को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम में गार्गी अध्याय की मुख्य समन्वयक एवं गार्गी पाठशाला की संचालिका नूतन पांडेय का विशेष योगदान रहा। वे समय-समय पर बच्चों के बीच इस प्रकार की शैक्षणिक एवं प्रेरणादायक गतिविधियों का आयोजन कराती रहती हैं। निःशुल्क पाठशाला में इस तरह का आयोजन बच्चों के लिए एक नया और प्रेरणादायक अनुभव साबित हुआ, जिसे उन्होंने पहले कभी नहीं देखा था।
इस अवसर पर पूर्व प्रमुख राम कुमारी की गरिमामयी उपस्थिति रही। साथ ही सहयोगी शिक्षिकाएँ कंचन जी, मंदा जी एवं अन्य लोग भी उपस्थित रहे और बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों के बीच कॉपी, कलम एवं मिठाई का वितरण किया गया, जिससे बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला। यह आयोजन विद्यार्थियों में देशभक्ति, त्याग और प्रेरणा की भावना जागृत करने में अत्यंत सफल रहा।