आमटांड़ बस्ती स्थित घर में मिला 50 वर्षीय व्यक्ति का लहूलुहान शव, हत्या की वजह स्पष्ट नहीं
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
धनबाद। कतरास थाना क्षेत्र के आमटांड़ बस्ती में गुरुवार को 50 वर्षीय मुन्ना पंडित की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। उनका शव घर के अंदर लहूलुहान अवस्था में मिला। शुरुआती जानकारी के अनुसार, उनके गले में तार कसने के बाद चाकू से वार किया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान मुन्ना पंडित के रूप में हुई है। बताया जाता है कि वह लिलोरी स्थान में पूजा-पाठ कराने का काम करते थे। उनका शव मिलने की खबर से इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई।
सूचना मिलने पर बाघमारा के एसडीपीओ अजीत कुमार विमल और कतरास थाना प्रभारी प्रवीण कुमार घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू की।
एसडीपीओ अजीत कुमार विमल के अनुसार, मृतक के गले में तार बांधकर कसने और चाकू से वार किए जाने के निशान मिले हैं। हालांकि, हत्या के पीछे की वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के कारणों और इसमें शामिल लोगों के संबंध में जानकारी सामने आ सकेगी।