शिक्षा के क्षेत्र में नवाचारी शिक्षण पद्धति एवं छात्र-कल्याणकारी कार्य के लिए सम्मानित
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
दाउदनगर (औरंगाबाद)। शिक्षा के क्षेत्र में नवाचारी शिक्षण पद्धति एवं छात्र-कल्याण के प्रति समर्पण के लिए विवेकानंद मिशन स्कूल के शिक्षक लोकेश पांडेय को डॉ. राधाकृष्णन टीचर्स सेल्फ हेल्प ग्रुप द्वारा राष्ट्रीय आदर्श शिक्षक सम्मान दिया गया। समारोह का आयोजन रविवार को वाराणसी में यूनिवर्सिटी सेंटर फॉर टीचर एजुकेशन में भव्य रूप से किया गया।
आयोजन समिति के अनुसार यह समारोह शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों के सम्मान एवं अभिनंदन के उद्देश्य से किया गया। कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से शिक्षक, शिक्षाविद् एवं विशिष्ट अतिथि शामिल हुए।
बताया गया कि लोकेश पाण्डेय ने ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जोड़ने में उल्लेखनीय योगदान दिया है, जिसके लिए उन्हें यह गौरव प्राप्त हुआ। मंच से कहा गया कि ऐसे शिक्षक ही राष्ट्र निर्माण की असली नींव हैं।