नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
रांची। केन्द्र सरकार ने बिहार तथा झारखंड के वरिष्ठ पत्रकार और अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी यूनीवार्ता, यूनाइटेड न्यूज ऑफ इंडिया के बिहार-झारखंड के समन्वयक विनय कुमार को केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय की हिंदी सलाहकार समिति का सदस्य मनोनीत किया है।
इस समिति के अध्यक्ष केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान हैं। मंत्रालय के उप सचिव डीएसएस श्रीनिवासा राव द्वारा जारी पत्र के अनुसार मंत्रालय की हिंदी सलाहकार समिति का पुनर्गठन किया गया है।
इस समिति में लोकसभा और राज्यसभा के कई सदस्यों के अलावा भारतीय प्रशासनिक सेवा के सचिव तथा अध्यक्ष स्तर के अधिकारी भी बतौर सदस्य शामिल हैं। इस संबंध में भारत सरकार के गजट के माध्यम से अधिसूचना जारी कर दी गई है
गौरतलब है कि करीब साढ़े तीन दशक से बिहार और झारखंड में कई दैनिक समाचार पत्रों के अलावा राष्ट्रीय समाचार एजेंसी यूनीवार्ता, यूएनआई, हिंदुस्थान समाचार के ब्यूरो प्रमुख व विशेष संवाददाता के रूप में कार्य कर चुके श्री कुमार ने इसके पूर्व भी केंद्र सरकार के उपभोक्ता मामले खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण, ग्रामीण विकास , इस्पात मंत्रालय समेत कई मंत्रालयों की विभिन्न समितियों के सदस्य के रूप में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
इन्होंने सूरीनाम में आयोजित सातवें विश्व हिंदी सम्मेलन को भी एक पत्रकार के रूप में कवर किया था। श्री कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान को धन्यवाद देते हुए कहा कि उन पर जो विश्वास व्यक्त किया गया है, उस पर वे पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगे। ज्ञातव्य है कि विनय कुमार जमुई जिले के खैरा प्रखंड के खैरा गांव के रहने वाले हैं।