नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। जनजातीय कार्य मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा संचालित धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत औरंगाबाद जिले के जनजातीय बाहुल्य ग्रामों में “जनजातीय गौरव उत्सव” का आयोजन दिनांक 18 मई 2026 से 25 मई 2026 तक किया जाएगा।
जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा के निर्देशानुसार कुटुम्बा प्रखंड के चयनित जनजातीय बाहुल्य ग्राम घेउरा में विभिन्न जनकल्याणकारी एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस संबंध में विस्तृत कार्ययोजना निर्धारित की गई है।
कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु जिला एवं प्रखंड स्तर पर नोडल पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
जिला स्तर पर नोडल पदाधिकारी के रूप में जिला कल्याण पदाधिकारी, औरंगाबाद अभिषेक कुमार तथा प्रखंड स्तर पर प्रखंड कल्याण पदाधिकारी, कुटुम्बा प्रतिमा तिवारी को दायित्व सौंपा गया है।
कार्यक्रम की तिथिवार रूपरेखा निम्नवत् है —
18 मई 2026 : जनभागीदारी सप्ताह का शुभारंभ
समाहरणालय कक्ष, औरंगाबाद में जिला पदाधिकारी द्वारा जिला, प्रखंड एवं ग्राम स्तर के पदाधिकारियों की उपस्थिति में कार्यक्रम का शुभारंभ किया जाएगा। कार्यक्रम के अनुपालन में जिला अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण पदाधिकारी तथा जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी की भूमिका रहेगी।
19 मई 2026 : संतृप्ति एवं वृक्षारोपण अभियान
कुटुम्बा प्रखंड के ग्राम घेउरा में वृक्षारोपण अभियान एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का संचालन क्षेत्रीय वन पदाधिकारी, औरंगाबाद द्वारा किया जाएगा।
20 मई 2026 : क्षेत्रीय स्तर की जागरूकता गतिविधियाँ
प्रखंड विकास पदाधिकारी, कुटुम्बा की अध्यक्षता में सभी प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी ग्राम भ्रमण कर जनसुनवाई कार्यक्रम के प्रति ग्रामीणों को जागरूक करेंगे। कार्यक्रम में बाल विकास परियोजना पदाधिकारी एवं प्रखंड कल्याण पदाधिकारी, कुटुम्बा की सहभागिता रहेगी।
21 मई 2026 से 23 मई 2026 : जनसुनवाई एवं आवेदन प्राप्ति
ग्राम घेउरा में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान प्राप्त आवेदनों का निष्पादन संबंधित प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों द्वारा किया जाएगा।
24 मई 2026 : प्रलेखन
जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों एवं उनके निष्पादन का विभागवार प्रलेखन किया जाएगा।
25 मई 2026 : डीब्रीफिंग एवं समीक्षा बैठक
जिला प्रशासन द्वारा सभी संबंधित विभागों को कार्यक्रम के सफल एवं प्रभावी संचालन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।