नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
सासाराम। रोहतास जिला में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी विभाग ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए सदर अस्पताल स्थित सिविल सर्जन कार्यालय से क्लर्क सतीश कुमार को हिरासत में लिया है। निगरानी विभाग की इस कार्रवाई के बाद अस्पताल परिसर और स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, निगरानी विभाग की टीम पहले से ही मामले की गुप्त जांच कर रही थी। जैसे ही टीम सिविल सर्जन कार्यालय पहुंची और कार्रवाई शुरू की, कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार निगरानी विभाग के अधिकारी काफी देर तक कार्यालय में दस्तावेजों की जांच करते रहे तथा संबंधित कर्मियों से पूछताछ भी की गई।
सूत्रों की मानें तो क्लर्क सतीश कुमार पर कार्य के एवज में रिश्वत लेने का आरोप था, जिसके बाद निगरानी विभाग ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई को अंजाम दिया। हालांकि आधिकारिक स्तर पर अभी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन इस कार्रवाई को स्वास्थ्य विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।
कार्रवाई की खबर फैलते ही अस्पताल परिसर में लोगों की भीड़ जुट गई। कर्मचारी वर्ग में भी पूरे दिन चर्चा का माहौल बना रहा। आम लोगों का कहना है कि सरकारी कार्यालयों में रिश्वतखोरी पर लगाम लगाने के लिए इस तरह की कार्रवाई जरूरी है।
निगरानी विभाग की टीम आरोपी को अपने साथ लेकर आगे की पूछताछ और कानूनी प्रक्रिया में जुट गई है। मामले को लेकर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।