वर्षों से सुरक्षा में तैनात जवानों को हटाने की तैयारी पर नाराजगी, निजी सुरक्षा कर्मियों की प्रतिनियुक्ति पर रोक लगाने की मांग
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
बोकारो। बोकारो स्टील प्लांट (बीएसएल) प्रबंधन द्वारा निजी सुरक्षा गार्डों की बहाली और पहले से तैनात होमगार्ड जवानों को हटाने की कथित तैयारी के खिलाफ जवानों में आक्रोश है। बुधवार को बड़ी संख्या में होमगार्ड जवान बोकारो उपायुक्त कार्यालय पहुंचे और इस फैसले का विरोध जताते हुए उपायुक्त को मांग पत्र सौंपा। जवानों ने निजी सुरक्षा कर्मियों की प्रतिनियुक्ति पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।

होमगार्ड जवान रुपांजलि ने बताया कि वे लंबे समय से बीएसएल में पूरी ईमानदारी के साथ 24 घंटे अपनी सेवाएं दे रही हैं। धरना-प्रदर्शन और कठिन परिस्थितियों में भी जवानों ने अपने कर्तव्य का निर्वहन किया है। उन्होंने बताया कि ड्यूटी के दौरान गंभीर चोट लगने के कारण उनका पैर काटना पड़ा। इसके बावजूद कृत्रिम पैर लगाकर वह आज भी बीएसएल में अपनी सेवा दे रही हैं। ऐसे में उन्हें हटाकर निजी सुरक्षा गार्डों को बहाल करने की तैयारी समझ से परे है। महिला जवान गायत्री देवी ने बताया कि वह वर्ष 1990-91 से बीएसएल में तैनात हैं। वर्ष 1996-97 के आंदोलनों के दौरान भी उन्होंने टेंट लगाकर ड्यूटी की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि बीएसएल में 600 जवानों के नाम पर करीब 400 जवानों से काम लिया जा रहा है, जबकि शेष 200 जवानों का कोई स्पष्ट हिसाब नहीं है।
एक अन्य जवान ने बताया कि वर्ष 1984 से गृह रक्षक बीएसएल की सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे हैं। वर्ष 2010 में भी जवानों को हटाने का प्रयास किया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ नए अधिकारी निजी लाभ के लिए निजी सुरक्षा एजेंसियों को बढ़ावा देना चाहते हैं।जवानों ने मांग की कि निजी सुरक्षा गार्डों की बहाली पर रोक लगाई जाए। यदि बीएसएल प्रबंधन को अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों या गनमैन की आवश्यकता है, तो गृह रक्षा वाहिनी से ही जवानों की सेवा ली जाए। उन्होंने कहा कि बिना स्पष्ट कारण और वैकल्पिक व्यवस्था के जवानों को हटाने से उनके परिवारों की रोजी-रोटी पर संकट खड़ा हो जाएगा।