नवबिहार टाइम्स संवाददाता
दाउदनगर (औरंगाबाद)। औरंगाबाद पुलिस एवं ओडिशा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में ओडिशा के कोइंदर जिले के बरबिल थाना क्षेत्र स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र शाखा में हुए लूटकांड का सफल उद्भेदन करते हुए दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान चौरी पंचायत के बहादुरपुर निवासी अखिल यादव तथा चौरी निवासी जितेंद्र सोनी के रूप में हुई है। अखिल उर्फ अखिलेश दाउदनगर के प्रमुख रहे है। पुलिस ने उनके पास से लूटे गए सोने एवं चांदी के आभूषण भी बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार बैंक ऑफ महाराष्ट्र शाखा में हुई लूट की घटना के बाद मामले की जांच लगातार चल रही थी। तकनीकी अनुसंधान एवं खुफिया सूचना के आधार पर औरंगाबाद पुलिस तथा ओडिशा पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान लूटकांड में शामिल दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर लूटे गए आभूषणों की बरामदगी की गई।
जांच के दौरान यह भी पता चला कि अखिल यादव ने लूटे गए आभूषण कलेर स्थित एक ज्वेलरी दुकान में जितेंद्र सोनी को बेचे थे। पुलिस इस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है तथा मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।