नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
बोकारो। बोकारो समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में सोमवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त अजय नाथ झा ने 36-बोकारो विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के कार्यों की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी (ईआरओ)-सह-अनुमंडल पदाधिकारी, चास प्रांजल ढांडा से अब तक गणना प्रपत्रों के वितरण, संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन की अद्यतन प्रगति की जानकारी प्राप्त की।
डीईओ सह डीसी ने विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत प्रखंडवार एवं शहरी क्षेत्रों की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी सहायक निर्वाचन निबंधन पदाधिकारियों (एईआरओ) से अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। समीक्षा के दौरान एईआरओ-सह-प्रखंड विकास पदाधिकारी, चास डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि चास प्रखंड में गणना प्रपत्रों का शत प्रतिशत डिजिटाइजेशन कार्य पूर्ण कर लिया गया है।
बैठक में बताया गया कि जरीडीह क्षेत्र में 99.84 प्रतिशत, बीएस सिटी क्षेत्र में 85.63 प्रतिशत तथा चास नगर निगम क्षेत्र में 84.96 प्रतिशत डिजिटाइजेशन का कार्य पूर्ण* हो चुका है।
समीक्षा के दौरान डीईओ सह डीसी ने सभी एईआरओ एवं संबंधित पदाधिकारियों को निर्धारित रणनीति के तहत शेष डिजिटाइजेशन कार्य आज ही देर रात तक हर हाल में पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में शत प्रतिशत डिजिटाइजेशन का कार्य पूर्ण हो चुका है, वहां के एईआरओ एवं कर्मी बीएस सिटी एवं चास नगर निगम क्षेत्र के लंबित कार्यों में सहयोग करें, ताकि निर्धारित समय सीमा के भीतर शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त किया जा सके।डीईओ सह डीसी ने सभी एईआरओ को नियमित मॉनिटरिंग करते हुए कार्यों की सतत समीक्षा करने तथा किसी भी स्तर पर लंबित कार्य नहीं रहने देने का निर्देश दिया।
मौके पर जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रेमचंद सिन्हा, डीपीआरओ रवि कुमार, एईआरओ जरीडीह कुमार कनिष्क, एईआरओ चास डॉ. प्रदीप कुमार, एईआरओ बी.एस. सिटी सत्यबाला सिन्हा, एईआरओ चास नगर निगम जया कुमारी, एपीआरओ अविनाश कुमार सिंह समेत अन्य उपस्थित थे।